भागलपुर-कटिहार पैसेंजर ट्रेन का पीरपैंती तक विस्तार, 17 से 30 नवंबर तक यात्रियों को मिलेगी सुविधा
पूर्व रेलवे ने जारी किया नोटिफिकेशन, पीरपैंती से दोपहर 3 बजे खुलेगी ट्रेन; भागलपुर और पीरपैंती के बीच सभी स्टेशनों पर होगा ठहराव
भागलपुर। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने भागलपुर-कटिहार पैसेंजर स्पेशल ट्रेन को पीरपैंती तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। रेलवे की ओर से 03409/03410 अप-डाउन भागलपुर-कटिहार-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन का विस्तार पीरपैंती रेलवे स्टेशन तक किया गया है। इस सुविधा का लाभ यात्रियों को 17 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक मिलेगा।
पूर्व रेलवे मुख्यालय, कोलकाता की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, ट्रेन के विस्तार से पीरपैंती और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भागलपुर और कटिहार आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

पीरपैंती से दोपहर 3 बजे खुलेगी 03409 अप स्पेशल ट्रेन
रेलवे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 03409 अप पीरपैंती-भागलपुर-कटिहार स्पेशल पैसेंजर ट्रेन पीरपैंती स्टेशन से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन शाम 4:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी। इसके बाद अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार शाम 5:30 बजे भागलपुर से कटिहार के लिए प्रस्थान करेगी और निर्धारित समय पर कटिहार पहुंचेगी।
भागलपुर से दोपहर 1 बजे पीरपैंती के लिए खुलेगी 03410 डाउन
इसी तरह 03410 डाउन कटिहार-भागलपुर-पीरपैंती स्पेशल पैसेंजर ट्रेन अपने पुराने समय के अनुसार कटिहार से रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे भागलपुर पहुंचेगी। यहां से दोपहर 1 बजे पीरपैंती के लिए प्रस्थान करेगी और दोपहर 2:30 बजे पीरपैंती स्टेशन पहुंचेगी।
भागलपुर-पीरपैंती के बीच सभी स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि भागलपुर और पीरपैंती के बीच यह ट्रेन रास्ते में पड़ने वाले सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इससे दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और स्थानीय यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
हालांकि, भागलपुर और कटिहार के बीच ट्रेन के पुराने समय और निर्धारित ठहराव में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रेलवे के इस फैसले से पीरपैंती और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
