नारायणपुर। प्रखंड क्षेत्र के आशाटोल गांव में शनिवार को बंदर के हिंसक हमले में 69 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान आशाटोल निवासी दिना शर्मा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
Total Downloads: 197
घास लेकर घर लौट रहे थे दिना शर्मा
जानकारी के अनुसार, दिना शर्मा शनिवार को अपने मवेशियों के लिए खेत से घास लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक बंदर ने उन पर हमला कर दिया। बंदर ने बुजुर्ग को काटकर और नोचकर घायल कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी ओर आता देख बंदर वहां से भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल दिना शर्मा को अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में हुआ इलाज, एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिया गया
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घायल बुजुर्ग को नारायणपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन समेत आवश्यक दवाएं दीं।
उपचार के बाद बुजुर्ग की स्थिति में सुधार होने पर चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी।
बंदरों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद आशाटोल गांव और आसपास के इलाकों में बंदरों के आतंक को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के हमले की घटनाओं से लोगों, खासकर बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक पर रोक लगाने और लोगों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
