नवगछिया। परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव में रविवार को मछली-भात नहीं बनने से नाराज एक दामाद ने शराब के नशे में अपनी पत्नी और सास के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में सास रेखा देवी के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। घायल मां-बेटी सुषमा देवी और रेखा देवी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिचर कुमार बाजार से मछली खरीदकर घर लाया था और उसने अपनी पत्नी सुषमा से मछली बनाने को कहा। सुषमा के मुताबिक, घर में मछली बनाने के लिए जरूरी मसाले उपलब्ध नहीं थे। इस वजह से मछली नहीं बन सकी।

कुछ देर बाद शनिचर शराब के नशे में घर पहुंचा। मछली-भात तैयार नहीं देखकर वह नाराज हो गया। आरोप है कि उसने पत्नी से सवाल-जवाब करते हुए विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते मारपीट करने लगा।

बेटी को बचाने पहुंची मां पर भी हमला

सुषमा के साथ मारपीट होते देखकर उसकी मां रेखा देवी बेटी को बचाने पहुंचीं। आरोप है कि शनिचर ने सास के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रेखा देवी के सिर में गंभीर चोट लग गई और खून बहने लगा। मां को लहूलुहान देखकर सुषमा भी घबरा गई। बाद में पड़ोसियों की मदद से दोनों घायलों को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया।

रेखा देवी ने आरोप लगाया कि उनका दामाद अक्सर शराब के नशे में घर आकर हंगामा करता है और मारपीट करता है। घटना के बाद मां-बेटी ने पुलिस को मामले की सूचना दी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

परबत्ता थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *