नवगछिया। खरीक प्रखंड क्षेत्र में रविवार को पारिवारिक विवाद के बाद 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
Total Downloads: 198
मृतका की पहचान खरीक निवासी रिमझिम कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि उसके पति राजा डोम मजदूरी करते हैं। परिजनों के मुताबिक रविवार को घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद रिमझिम ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने के बाद खरीक पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

खरीक थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटा रही है।
