नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र में एक परिवार पिछले करीब चार महीने से अपने 16 वर्षीय बेटे के लौटने का इंतजार कर रहा है। लक्ष्मीपुर, इस्माइलपुर निवासी रंजीत कुमार ठाकुर का पुत्र विष्णु कुमार 6 मई 2026 से लापता है। वह घर से कुछ देर में लौटने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं आया। काफी खोजबीन के बावजूद जब बेटे का कोई सुराग नहीं मिला तो अब पिता ने नवगछिया एसपी से मामले में कार्रवाई तेज करने और बेटे की जल्द तलाश कराने की गुहार लगाई है।
Total Downloads: 203
घूमाने के बहाने साथ ले जाने का आरोप
विष्णु के पिता रंजीत कुमार ठाकुर ने नवगछिया एसपी को दिए आवेदन में बताया है कि 6 मई को दोपहर करीब एक बजे लक्ष्मीपुर, इस्माइलपुर निवासी मोहम्मद अहमद उनके नाबालिग बेटे विष्णु कुमार को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। परिजनों को उम्मीद थी कि कुछ देर बाद वह विष्णु को लेकर वापस लौट आएगा।
लेकिन शाम तक विष्णु के घर नहीं लौटने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित ठिकानों पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन विष्णु का कोई पता नहीं चल सका।

पूछने पर भी नहीं मिला संतोषजनक जवाब
परिजनों के अनुसार, उन्होंने विष्णु के बारे में मोहम्मद अहमद से भी कई बार जानकारी लेने का प्रयास किया। परिवार का आरोप है कि उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और लगातार टालमटोल की जाती रही। महीनों बीत जाने के बाद भी बेटे का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
तस्वीर के सहारे बेटे की तलाश
करीब चार महीने से बेटे के लापता होने के बाद परिवार की उम्मीद अब भी उसके सकुशल लौटने पर टिकी है। परिजन लगातार विष्णु की तलाश में जुटे हैं। बेटे की तस्वीर को लेकर परिवार संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहा है।
विष्णु के पिता ने पुलिस अधीक्षक से नाबालिग बेटे को जल्द से जल्द खोजने, मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापता किशोर की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
