नवगछिया। रंगरा प्रखंड के सधुआ गांव निवासी नेवी जवान सुजीत कुमार पाल की गुरुवार को इलाज के लिए कोलकाता ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। सुजीत मुंबई स्थित डॉकयार्ड में तैनात थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
Total Downloads: 210
परिजनों के अनुसार, सुजीत कुमार पाल छुट्टी लेकर 17 अगस्त को घर आए थे। इसी दौरान उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए भागलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें कोलकाता लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को भागलपुर ले आए। बरारी थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।

देर शाम सुजीत का पार्थिव शरीर सधुआ गांव स्थित उनके घर पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल था। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को गंगा घाट पर किया जाएगा।
सुजीत कुमार पाल वर्ष 2003 में भारतीय नौसेना में भर्ती हुए थे। वे अपनी पत्नी ममता कुमारी के साथ कोच्चि में रहते थे। छुट्टी के दौरान पत्नी भी उनके साथ घर आई थीं।
सुजीत चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका है। उनके सबसे बड़े भाई प्रमोद पाल की करीब 15 वर्ष पहले ठनका की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वहीं दूसरे भाई नीलेश पाल की भी जहर खाने से मौत हो गई थी। अब सुजीत की मौत से परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
