नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 546 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बुलेट मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई एसपी वैभव शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस को 2 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-31 स्थित संतोष धर्मकांटा के पास स्मैक की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इलाके में निगरानी शुरू कर दी।

करीब 11 बजे पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पकड़ा थाना नवगछिया निवासी हरेराम कुमार उर्फ बमबम के पास से 220 ग्राम स्मैक बरामद हुई। वहीं तेतरी, थाना नवगछिया निवासी विशाल कुमार के पास से 326 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पकड़ा गांव के विकाश कुमार और छोटु कुमार के कहने पर पश्चिम बंगाल के मालदा से स्मैक लेकर आ रहे थे। मामले में नवगछिया थाना में कांड संख्या 356/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए नवगछिया पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीने में नवगछिया पुलिस ने करीब 2.1 किलोग्राम स्मैक बरामद की है और इस मामले में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसडीपीओ नवगछिया के निर्देश पर एएनटीएफ टीम का गठन किया गया है, जो लगातार सूचना जुटाकर कार्रवाई कर रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *