नवगछिया। बाढ़ के बढ़ते खतरे के बीच शनिवार सुबह भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन कुमार मंडल ने जल संसाधन विभाग के जेई के साथ इस्माईलपुर-बिंदटोली रिंग बांध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तटबंध पर कई कमियां सामने आईं। जिला परिषद अध्यक्ष ने संबंधित जेई को सभी खामियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया।
Total Downloads: 217
निरीक्षण के दौरान उन्होंने रिंग बांध के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही तटबंध की सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग ट्रैक्टर चलाकर लगातार निगरानी कराने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके।
रेन कट को तत्काल भरने का निर्देश
बांध पर जगह-जगह बने रेन कट को भी जल्द भरने का निर्देश दिया गया। जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच तटबंध पर अतिरिक्त दबाव बन सकता है। ऐसे में छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी समस्या पैदा कर सकती है।

बिपिन कुमार मंडल ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि तटबंध की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिन कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया है, अगली जांच में यदि वही खामियां दोबारा मिलीं तो संबंधित विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा जाएगा।
बाढ़ को देखते हुए लगातार निगरानी जरूरी
जिला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा बाढ़ की स्थिति को देखते हुए रिंग बांध की लगातार निगरानी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों की पहचान कर समय रहते मरम्मत और सुरक्षा के इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि तटबंध को नुकसान से बचाया जा सके।
वहीं जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गौतम कुमार ने बताया कि बांध पर बने रेन कट को बोरियों की मदद से भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि तटबंध पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार बचाव कार्य किए जा रहे हैं।
