खरीक। नवगछिया पुलिस जिले के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलघी गांव में मंगलवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में 55 वर्षीय पंडित अतिनंदन चौधरी की मौत हो गयी। मृतक के पुत्र गौतम कुमार चौधरी ने अपने दो चाचा समेत अन्य परिजनों पर मारपीट कर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Total Downloads: 227
मारपीट में मृतक की पत्नी नूतन देवी और पुत्र गोविंद कुमार के भी घायल होने की सूचना है। दोनों का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल पंडित अतिनंदन चौधरी को परिजन आनन-फानन में जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बथान निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद
मृतक के पुत्र गौतम कुमार चौधरी के अनुसार, उनके पिता पांच भाई थे। इनमें से एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार के सदस्यों के बीच जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका था। जमीन के बंटवारे को लेकर करीब दो माह पहले पंचायती भी हुई थी, जिसमें सभी पक्षों के बीच सहमति बनी थी।

गौतम के अनुसार, पिछले दिनों निर्माण कार्य को लेकर भी विवाद हुआ था। उस समय सभी हिस्सेदार थाना पहुंचे थे। वहां विवाद नहीं करने की सलाह दी गयी थी। थाना स्तर से कहा गया था कि यदि निर्माण कार्य रोकना है तो सभी भाई काम रोकें और यदि निर्माण करना है तो आपसी सहमति से करें।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पंडित अतिनंदन चौधरी अपने हिस्से की जमीन पर गायों को रखने के लिए बथान का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोस के लोग वहां पहुंचकर निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
लाठी-डंडे और ईंट से हमला करने का आरोप
गौतम कुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनकी मां नूतन देवी और भाई गोविंद कुमार पिता को बचाने के लिए पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गयी।
परिजनों के मुताबिक, मारपीट के दौरान लाठी-डंडे और ईंट से पंडित अतिनंदन चौधरी की कनपटी पर प्रहार किया गया। गंभीर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर गये। आसपास के लोगों के पहुंचने के बाद मारपीट में शामिल लोग वहां से चले गये।
इसके बाद परिजन गंभीर रूप से घायल अतिनंदन चौधरी को इलाज के लिए भागलपुर लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो चाचा समेत कई लोगों पर हत्या का आरोप
मृतक के पुत्र गौतम कुमार ने अपने चाचा विधान चौधरी, भगवान चौधरी, चचेरे भाई आलोक राज समेत अन्य लोगों पर मारपीट कर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही खरीक पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटायी। पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में पूछताछ की है। प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है।
डीएम के निर्देश पर देर रात हुआ पोस्टमार्टम
पंडित अतिनंदन चौधरी की मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों के अनुसार, भागलपुर के जिलाधिकारी के निर्देश पर देर रात शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जमीन विवाद में हुई मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत से गांव में भी तनाव और शोक का माहौल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली है। खरीक पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस घटना के कारणों, मारपीट में शामिल लोगों और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी।
