नवगछिया। परबत्ता गांव में भागवत कथा के विसर्जन के दौरान मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से 18 वर्षीय शुभम कुमार गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद उसकी तलाश शुरू की गई। बुधवार को एनडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक अभियान चलाने के बाद शुभम का शव बरामद कर लिया।
Total Downloads: 234
मृतक शुभम कुमार अनिल मंडल का पुत्र और पूर्व विधायक गोपाल मंडल का भतीजा था। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक गोपाल मंडल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पति की मौत की खबर सुनकर शुभम की पत्नी सोनी कुमारी अचेत हो गई।
पूर्व विधायक गोपाल मंडल ने बताया कि भागवत कथा के विसर्जन के दौरान शुभम गहरे पानी में चला गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह खुद को संभाल नहीं सका। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और प्रशासन को सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ की टीम को खोजबीन के लिए लगाया गया। टीम ने कई घंटों तक नदी के गहरे पानी में तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद बुधवार को शुभम का शव बरामद किया जा सका।
शुभम अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। महज 18 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे परबत्ता गांव में मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
परबत्ता थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
शुभम की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर है। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
