खरीक। तुलसीपुर गांव में रविवार को पति-पत्नी के विवाद का मामला गांव की पंचायत तक पहुंच गया। पंचायत में मौजूद लोगों के सामने नवविवाहिता ने अपने पति के साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी करीब तीन-चार महीने पहले ही हुई थी।
Total Downloads: 266
जानकारी के अनुसार, शादी के कुछ ही समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। परिवार के स्तर पर मामले को सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई।
सरपंच गोविंद कुमार समेत दर्जनों ग्रामीणों की मौजूदगी में हुई पंचायत के दौरान पति भावुक होकर पत्नी से घर छोड़कर नहीं जाने की अपील करता रहा। ग्रामीणों के मुताबिक, पति रोता-बिलखता रहा, लेकिन पत्नी अपने फैसले पर कायम रही और पंचायत के सामने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया।

पंचायत में पति से धुलवाया सिंदूर
पंचायत के दौरान नवविवाहिता ने अपने माथे का सिंदूर पति से धुलवा लिया। इस घटना के बाद पंचायत में मौजूद लोगों के बीच काफी देर तक चर्चा होती रही। हालांकि, पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दहेज का सामान लेकर मायके चली गई महिला
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत के बाद नवविवाहिता अपनी मां के साथ मायके चली गई। बताया गया कि शादी के समय दिया गया दहेज और अन्य सामान भी मायके पक्ष के लोग अपने साथ ले गए।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि विवाद के दौरान महिला ने कथित तौर पर जहर खाकर जान देने की धमकी दी थी। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों के बीच मामला और संवेदनशील हो गया।
अंततः पंचायत के माध्यम से दोनों पक्षों के अलग रहने पर सहमति बनी और नवविवाहिता मायके चली गई। घटना के बाद तुलसीपुर और आसपास के इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि, मामले को लेकर पुलिस की ओर से किसी तरह की आधिकारिक जानकारी या शिकायत की पुष्टि नहीं की गई है।
