नवगछिया। रंगरा थाना पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश को वारदात से पहले ही नाकाम कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 3 देशी कट्टा, 1 पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। नवगछिया एसपी विवेक शर्मा ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी।
Total Downloads: 270
पुलिस के अनुसार, नवगछिया एसपी के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रंगरा पुलिस को सूचना मिली कि मुरली गांव निवासी हीरालाल कुमार उर्फ राजा कुमार, पिता देवेंद्र सिंह, अपने घर में हथियार छिपाकर रखा है और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में है।
घर में छापेमारी कर हीरालाल गिरफ्तार
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हीरालाल के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर घर से एक पिस्टल, दो देशी कट्टा और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में पुलिस को हीरालाल ने बताया कि कथित योजना में सोनू कुमार यादव, पिता स्व. गोदे यादव, निवासी करारी तीनटंगा, थाना गोपालपुर भी शामिल था।
इसके बाद पुलिस ने मुरली चौक के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान सोनू कुमार यादव को एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में जमीन विवाद से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी सामने आई। हीरालाल ने पुलिस को बताया कि उसके पिता देवेंद्र सिंह का छोटू कुमार, पिता स्व. तारणी यादव, के साथ कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2018 में तारणी यादव की हत्या हुई थी। इस मामले में हीरालाल के परिवार के सदस्यों को आरोपी बनाया गया था। इसी मामले में वर्ष 2022 में उसके पिता देवेंद्र सिंह को सजा भी हुई थी।
पुलिस का कहना है कि छोटू कुमार द्वारा लगातार धमकी दिए जाने से नाराज होकर हीरालाल ने वर्ष 2021 में उस पर जानलेवा हमला किया था। अब पुलिस के अनुसार, इसी विवाद को लेकर आगे हत्या की साजिश रची जा रही थी।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।
