नवगछिया। हरि महाराज ठाकुरबाड़ी रोड में आयोजित पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का शुक्रवार को हवन और मटका फोड़ कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन मटका फोड़ कार्यक्रम में युवाओं की कई टोलियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
Total Downloads: 272
मटका फोड़ने के लिए युवाओं ने लगातार प्रयास किया, लेकिन छह बार कोशिश के बाद भी मटकी नहीं टूटी। इसके बाद आयोजन समिति की ओर से अलग-अलग इनाम की घोषणा की गई। मटकी बनाने वाले के लिए ₹500, मटकी बांधने वाले के लिए ₹500 और मटकी फोड़ने वाले के लिए ₹1100 इनाम की घोषणा की गई।
इनाम की घोषणा के बाद युवाओं ने सातवीं बार फिर मटकी फोड़ने का प्रयास किया और इस बार मटकी टूट गई। मटकी टूटते ही मौके पर मौजूद लोगों में उत्साह छा गया और तालियों व जयकारों से माहौल गूंज उठा।

मटका फोड़ कार्यक्रम के बाद ऋषभ कुमार सिंह को विजेता घोषित करते हुए ₹2100 का नकद पुरस्कार दिया गया।
इसके बाद गणेश प्रतिमा की नगर भ्रमण यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों के साथ निकली यात्रा में शहर के युवा जमकर झूमते नजर आए। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
नगर भ्रमण के बाद प्रतिमा को नवगछिया स्थित गोपाल गौशाला ले जाया गया, जहां श्रद्धा के साथ भगवान गणेश को अंतिम विदाई दी गई। इसके साथ ही पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का समापन हो गया।
