एटीएम में कार्ड फंसते ही शुरू हो जाता था खेल, दो साइबर ठग गिरफ्तार
नवगछिया। एटीएम में कार्ड फंसने के बाद मदद के नाम पर लोगों को ठगने वाले साइबर गिरोह के दो सदस्यों को नवगछिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में नवादा जिले के बाजपुर निवासी सोनू कुमार और शेखपुरा जिले के मोहब्बतपुर निवासी विपुल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 40 हजार रुपये नकद समेत बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
Total Downloads: 286
पुलिस के अनुसार, रंगरा निवासी किसान कृष्ण मोहन मंडल 10 सितंबर को मकंदपुर चौक स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। एटीएम कक्ष में सहायता के नाम पर एक मोबाइल नंबर चिपका हुआ था। पीड़ित ने उस नंबर पर संपर्क किया तो फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उन्हें एसबीआई की मुख्य शाखा, नवगछिया आने को कहा।
इसी बीच आरोपितों ने एटीएम मशीन से कार्ड निकाल लिया। इसके बाद जीरोमाइल स्थित एटीएम से कार्ड के जरिए 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। फिर पीड़ित के खाते से 1,59,998 रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। इस तरह साइबर ठगों ने कुल 1,99,998 रुपये की ठगी की।

घटना के बाद पीड़ित ने नवगछिया साइबर थाने में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने एटीएम कक्ष में चिपकाए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच शुरू की। एसपी वैभव शर्मा के निर्देश पर साइबर डीएसपी अभिषेक के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस को 23 आईएमईआई नंबर मिले। इनके सीडीआर और अन्य तकनीकी इनपुट खंगालने पर एक मोबाइल नंबर का लोकेशन शेखपुरा जिले के बरबीघा में मिला। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची। एक कार में बैठे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उनकी जांच की।
जांच में पता चला कि घटना के समय उक्त कार मकंदपुर चौक स्थित एटीएम के आसपास मौजूद थी। इसके बाद पुलिस ने कार सवार विपुल कुमार और सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में गिरोह के काम करने के तरीके का भी खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, सोनू ठगी की रकम एटीएम के माध्यम से निकालता था। विपुल फर्जी सिम कार्ड, बैंक खाते और एटीएम कार्ड ओडिशा से मंगाकर अपने सहयोगियों मोनू कुमार और दिलखुश कुमार को उपलब्ध कराता था। मोनू और दिलखुश ठगी की रकम उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में जमा कराते थे। इसके बाद रकम निकालकर गिरोह के सदस्यों तक पहुंचाई जाती थी।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपितों के पास से 40 हजार रुपये, 32 सिम कार्ड, छह पैन कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, नौ आधार कार्ड, सात पासबुक, छह मोबाइल फोन, दो चेकबुक, एक चारपहिया वाहन तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
