सहेली को बचाने पानी में उतरी 18 साल की रिमझिम, गड्ढे में डूबने से मौत; चार सहेलियां बचीं

नारायणपुर। करम-धरम पर्व पर मंगलवार सुबह भ्रमरपुर गांव में दर्दनाक हादसा हो गया। घर से करीब 100 मीटर दूर झूर उखाड़ने गईं पांच युवतियां सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में एक-एक कर डूबने लगीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो युवकों ने चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 18 वर्षीय रिमझिम कुमारी की डूबने से मौत हो गई।

मृतका की पहचान भ्रमरपुर गांव निवासी अनिल मंडल की पुत्री रिमझिम कुमारी के रूप में हुई है। रिमझिम ललित नारायण मिश्र बालिका इंटर स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे रिमझिम अपनी सहेलियों वर्षा, कुमकुम, सोनम और पूजा के साथ करम-धरम पर्व के लिए झूर उखाड़ने गई थी। सड़क किनारे बने गड्ढे में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान कुमकुम का पैर फिसल गया और वह गड्ढे में गिरकर डूबने लगी।

कुमकुम को बचाने के लिए रिमझिम पानी में उतरी, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूबने लगी। दोनों को डूबता देखकर अन्य सहेलियां भी उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गईं।

इसी दौरान गांव के निहाल कुमार और अमन कुमार की नजर डूब रही युवतियों पर पड़ी। दोनों युवकों ने तत्काल पानी में पहुंचकर चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रिमझिम को नहीं बचाया जा सका।

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रिमझिम का शव पानी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

रिमझिम पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। बेटी की मौत की खबर के बाद उसकी मां रिंकू देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *