नवगछिया: सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो वायरल करना पड़ा महंगा, बिहपुर पुलिस ने नमो को दबोचा
नवगछिया। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो और वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। नवगछिया पुलिस जिले की बिहपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल और नौ कारतूस बरामद किए हैं।
Total Downloads: 423
मामला 14 अक्टूबर का है। बिहपुर थाना पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो मिला था। वीडियो में एक व्यक्ति सोफे पर बैठा दिखाई दे रहा था। उसके पास रखी टेबल पर अवैध हथियार रखा हुआ था और वह हथियार के साथ अपनी तस्वीर वायरल करता दिख रहा था।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान पुरुषोत्तम कुमार उर्फ नमो के रूप में हुई। वह विजय साह का पुत्र है और बिहपुर हाट, थाना बिहपुर, जिला भागलपुर का निवासी है।

नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि मामले में बिहपुर थाना कांड संख्या 281/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुरुषोत्तम कुमार उर्फ नमो को बभनगामा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और एक ठोकर लगा कारतूस बरामद किया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
