गरैया के पास दो टेंपो की आमने-सामने टक्कर, सात घायल; तीन पूर्णिया रेफर
नवगछिया। नवगछिया-विक्रमशिला पहुंच पथ पर गरैया के पास गुरुवार शाम करीब चार बजे दो टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में सात लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
Total Downloads: 442
जानकारी के अनुसार, एक टेंपो भागलपुर से नवगछिया की ओर आ रहा था, जबकि दूसरा टेंपो नवगछिया की ओर से भागलपुर जा रहा था। गरैया के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त टेंपो से घायलों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद डायल-112 पुलिस टीम को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया।

भागलपुर, कटिहार, गोपालपुर और पूर्णिया के लोग घायल
हादसे में भागलपुर निवासी गुड्डू यादव (33 वर्ष), पिंटू यादव (36 वर्ष), सूरज कुमार (30 वर्ष), कटिहार निवासी संजू सिंह (22 वर्ष), गोपालपुर निवासी रंजीत कुमार (68 वर्ष) तथा पूर्णिया निवासी मो. कलीम और राजेश कुमार घायल हुए हैं।
घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे के कारणों का विस्तृत ब्योरा फिलहाल सामने नहीं आया है।
