नवगछिया पुलिस लाइन में SI योगेश कुमार का शव फंदे से लटका मिला, तीन महीने पहले हुई थी शादी

नवगछिया। नवगछिया पुलिस लाइन में शनिवार सुबह पुलिस अवर निरीक्षक (SI) योगेश कुमार का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीपीओ समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर जांच में जुटी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

पत्नी के कई बार फोन करने पर सहकर्मियों को हुआ शक

पुलिस लाइन में मौजूद लोगों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे योगेश कुमार पानी की टंकी बंद करने गए थे। वहां से लौटने के बाद वह अपने कमरे में चले गए। सुबह करीब पांच बजे उनकी पत्नी ने फोन किया, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ।

इसके बाद पत्नी ने योगेश के सहकर्मियों से संपर्क किया। साथी पुलिसकर्मी उनके कमरे के बाहर पहुंचे और कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर योगेश का शव फंदे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई।

तीन महीने पहले हुई थी शादी

योगेश कुमार की शादी इसी साल एक जुलाई को लखीसराय निवासी गुड़िया कुमारी से हुई थी। उनकी पत्नी पटना सचिवालय में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, दशहरा के दौरान गुड़िया नवगछिया आई थीं और दोनों ने साथ मिलकर त्योहार मनाया था। शादी के महज तीन महीने बाद योगेश की मौत से परिवार सदमे में है।

योगेश मूल रूप से बांका जिले के बौंसी-बाराहाट क्षेत्र के रहने वाले थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव तप्पाड़ीह में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

वर्ष 2020 से नवगछिया पुलिस लाइन में थे तैनात

योगेश कुमार वर्ष 2020 से नवगछिया पुलिस लाइन में तैनात थे। वह मेस के पीछे स्थित बैरक के एक कमरे में रहते थे। 16 अक्टूबर 2026 को ही उन्हें सहायक अवर निरीक्षक (ASI) से अवर निरीक्षक (SI) के पद पर पदोन्नति मिली थी। इससे पहले वह नवगछिया एसपी के रीडर के रूप में भी कार्य कर चुके थे।

आठ बहनों के इकलौते भाई थे योगेश

योगेश अपने परिवार में आठ बहनों के इकलौते भाई थे। बचपन में ही उनके सिर से मां का साया उठ गया था। जब वह महज तीन साल के थे, तब सांप के काटने से उनकी मां सरस्वती देवी की मौत हो गई थी।

इसके बाद उनके पिता रामकृष्ण साह ने परिवार के पालन-पोषण के लिए उर्वशी देवी से दूसरी शादी की। उर्वशी देवी ने योगेश को अपने बच्चों की तरह प्यार और स्नेह दिया। परिजनों के अनुसार, योगेश ने उन्हें कभी सौतेली मां होने का अहसास नहीं होने दिया और हमेशा सगी मां की तरह सम्मान दिया।

योगेश की मौत से उर्वशी देवी गहरे सदमे में हैं। परिवार के सदस्य उनके पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

मौत की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किन परिस्थितियों में योगेश कुमार की मौत हुई। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *