नवगछिया के गंगा दियारा में मक्के की बुआई के दौरान दर्जनों राउंड फायरिंग, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
इस्माईलपुर थाना क्षेत्र में खेत में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच विवाद, दो लाख रुपये रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
नवगछिया। इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के गंगा दियारा में मक्के की बुआई के दौरान वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन पर अलग-अलग नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। घटना दो-तीन दिन पहले की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, खेत में बुआई के दौरान दोनों गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दर्जनों राउंड फायरिंग हुई।
एक पक्ष की ओर से नाजो यादव के बयान पर टुना यादव, आशीष कुमार और अमन कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने दो लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई और गोलीबारी की गई।

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से बिंदु देवी के आवेदन पर नाजो यादव समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस पक्ष का आरोप है कि हथियारबंद लोगों ने खेत में मक्के की बुआई करा रहे अमन कुमार और आशीष कुमार पर जान मारने की नीयत से फायरिंग की।
वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों में विवाद
गंगा दियारा क्षेत्र में मक्के की बुआई के दौरान जमीन पर वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
इस्माईलपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले में नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
