बियाडा घाट पर अव्यवस्थाओं के बीच जहाज पकड़ने की जद्दोजहद, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही परेशानी
छठ पर्व को लेकर गुरुवार से बढ़ेगी यात्रियों की भीड़, आधा किलोमीटर पैदल चलकर जहाज तक पहुंचने की मजबूरी
नवगछिया : बियाडा घाट पर गंगा का जलस्तर तेजी से नीचे उतर रहा है। जलस्तर में गिरावट को देखते हुए जहाज तक यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए जेटी को लगातार दुरुस्त किया जा रहा है। हालांकि, घाट पर सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजामों के बावजूद यात्रियों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को शहर में काली पूजा की प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा के कारण घाट पर यात्रियों की भीड़ अपेक्षाकृत कम रही, इसके बावजूद लोगों को कई तरह की अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, छोटे बच्चों और बीमार मरीजों को हो रही है। बुधवार को जहाज पर सवार होने के दौरान घाट पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। यात्रियों को जहाज पर बुलाने के लिए बार-बार हॉर्न बजाया जा रहा था। हॉर्न की आवाज सुनते ही यात्री जहाज पकड़ने के लिए दौड़ने लगते थे। इस आपाधापी में बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी हुई। जल्दबाजी के कारण कई यात्रियों का जहाज भी छूट गया, जिसके बाद उन्हें अगले जहाज का इंतजार करना पड़ा।

दोनों जहाजों में यात्रियों की भारी भीड़
नवगछिया की ओर से आने वाले दोनों जहाजों के बीच पर्याप्त दूरी बनी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों जहाजों में यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। जहाज पर चढ़ने के दौरान यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं, बार-बार हॉर्न बजाकर यात्रियों को बुलाने की व्यवस्था से भी अफरा-तफरी का माहौल बन रहा है।
आधा किलोमीटर पैदल चलने की मजबूरी
बियाडा मेन रोड से जहाज तक पहुंचने के लिए यात्रियों को करीब आधा किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। इतनी लंबी दूरी तय करना छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार मरीजों के लिए बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। खासकर महिलाओं और शारीरिक रूप से कमजोर यात्रियों को सामान लेकर पैदल चलने में काफी दिक्कत हो रही है।
छठ पर बढ़ेगी यात्रियों की भीड़, व्यवस्था सुधारने की जरूरत
छठ महापर्व को देखते हुए गुरुवार से घाट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में वर्तमान अव्यवस्थाओं के बीच यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है। यात्रियों की मांग है कि जहाज पर सवार होने की प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाए, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार मरीजों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा मेन रोड से जहाज तक पहुंचने के रास्ते को सुगम बनाया जाए, ताकि छठ पर्व के दौरान लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
