छठ पूजा को लेकर ढोलबज्जा में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार के नेतृत्व में निकला मार्च, पर्व के दौरान शांति भंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
नवगछिया : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को ढोलबज्जा में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार के नेतृत्व में ढोलबज्जा थानाध्यक्ष निशांत शर्मा और पुलिस जवानों ने विभिन्न इलाकों में मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से छठ पूजा के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया। पुलिस प्रशासन ने पर्व के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
