शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य

बिहपुर के गांवों में छठ की तैयारी पूरी, गंगा घाटों पर उमड़ने लगी श्रद्धालुओं की भीड़; सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा पारण

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 515

नवगछिया : लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति की उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ विधिवत शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र अनुष्ठान को लेकर बिहपुर प्रखंड के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में भक्तिमय माहौल बन गया है। व्रती गंगा स्नान और पूजा के लिए पवित्र जल संग्रह करने घाटों पर पहुंचने लगे हैं। छठ को लेकर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को नहाय-खाय के अवसर पर घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

चार दिनों तक चलेगा कठिन तप, जानिए छठ पूजा का पूरा कार्यक्रम

छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से होगी। इस दिन व्रती गंगा अथवा अन्य पवित्र जलाशयों में स्नान कर पूरी शुद्धता और सात्विकता के साथ कद्दू-भात का प्रसाद तैयार करेंगे। इसमें चना दाल, लौकी की सब्जी और अरवा चावल बनाया जाता है। व्रती प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत करेंगे।

शनिवार को खरना पूजन होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को कुलदेवता और छठी मैया की पूजा करेंगे। इसके बाद नए मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से तैयार गुड़ की खीर (रसिया) और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के बाद व्रतियों का करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा।

रविवार की शाम व्रती और श्रद्धालु परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पारण कर चार दिवसीय महापर्व का समापन करेंगे।

आधुनिकता के दौर में भी कायम है छठ की पुरातन परंपरा

आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव के बावजूद छठ महापर्व आज भी अपनी प्राचीन परंपरा, नियम, निष्ठा और सादगी के लिए जाना जाता है। इस पर्व में स्वच्छता, पवित्रता और प्रकृति के प्रति सम्मान का विशेष महत्व है। बिहपुर के ग्रामीण इलाकों में आज भी व्रती महिलाएं मिट्टी के लेपे हुए चूल्हे पर आम की सूखी लकड़ी से छठ का प्रसाद तैयार करती हैं।

औलियाबाद निवासी छठ व्रती डेजी निषाद बताती हैं कि छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनी पुरातन संस्कृति, प्रकृति और मिट्टी से जुड़े रहने का महापर्व है। इसमें स्वच्छता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। कई परिवार आज भी पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी पर प्रसाद बनाते हैं। वहीं, जगह और सुविधाओं के अभाव में कुछ व्रती गैस चूल्हे को गंगाजल से पवित्र कर सात्विक तरीके से प्रसाद तैयार करती हैं।

अंतिम चरण में घाटों की तैयारी, गांवों में छठ गीतों की गूंज

छठ महापर्व को लेकर बिहपुर क्षेत्र के गंगा घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों को व्यवस्थित करने का काम अंतिम चरण में है। घरों में छठ की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बाजारों में भी पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ने लगी है। छठ गीतों से गांवों का वातावरण भक्तिमय हो गया है। दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोग भी पर्व मनाने के लिए अपने गांव लौट रहे हैं। इससे ग्रामीण इलाकों में रौनक बढ़ गई है।

छठ पूजा 2026 का चार दिवसीय कार्यक्रम

दिनतिथिअनुष्ठान
शुक्रवार13 नवंबरनहाय-खाय
शनिवार14 नवंबरखरना
रविवार15 नवंबरपहला अर्घ्य (अस्ताचलगामी सूर्य)
सोमवार16 नवंबरदूसरा अर्घ्य और पारण
📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *