छठ पूजा के दौरान गंगा की उपधारा में डूबा 18 वर्षीय युवक, तलाश जारी
नारायणपुर के बलहा गांव के सामने हुआ हादसा, सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान घाट पर मची अफरा-तफरी
नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के बलहा गांव के सामने गंगा की उपधारा में सोमवार सुबह छठ पूजा के दौरान एक 18 वर्षीय युवक डूब गया। घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। युवक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव निवासी संजय पंडित के पुत्र अमरजीत कुमार उर्फ टीटू के रूप में हुई है। घटना के बाद से उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह छठ पूजा और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बलहा गांव के सामने गंगा की उपधारा स्थित घाट पर पहुंचे थे। इसी दौरान अमरजीत के डूबने की सूचना मिली। घटना की खबर फैलते ही घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

युवक के डूबने की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की। हालांकि, काफी प्रयास के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। उसकी तलाश जारी है।
नारायणपुर के अंचल अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि गंगा की उपधारा में युवक के डूबने की सूचना मिली है। युवक की खोजबीन कराई जा रही है।
घटना के बाद जयरामपुर गांव में परिजनों के बीच चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिवार के लोग युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
