नवगछिया-कटरिया के बीच गंगा पर बनेगा डबल डेकर पुल, ऊपर दौड़ेंगी फोरलेन सड़क पर गाड़ियां; विक्रमशिला सेतु का घटेगा दबाव
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल सह सड़क पुल को दी मंजूरी, नीचे से गुजरेगी डबल रेल लाइन और ऊपर बनेगी फोरलेन सड़क; तीन साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
नवगछिया/भागलपुर। भागलपुर और नवगछिया समेत सीमांचल के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गंगा नदी पर प्रस्तावित विक्रमशिला-कटरिया रेल पुल अब डबल डेकर यानी दो मंजिला पुल के रूप में विकसित होगा। पुल के निचले हिस्से में रेल लाइन और ऊपरी हिस्से में फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन की एक नई और बड़ी सुविधा विकसित होगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस रेल सह सड़क पुल को मंजूरी दे दी है। इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी इस परियोजना के सड़क मार्ग को लेकर सैद्धांतिक सहमति जता चुके हैं। गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने इस संबंध में जानकारी दी है। प्रस्तावित परियोजना पूरी होने के बाद यह मुंगेर-मोकामा की तर्ज पर भागलपुर का पहला रेल सह सड़क पुल होगा।

नवगछिया और कटिहार से सीधे कहलगांव-मिर्जाचौकी तक मिलेगी कनेक्टिविटी
इस पुल के ऊपर बनने वाली फोरलेन सड़क से नवगछिया और कटिहार की ओर से आने वाली छोटी-बड़ी गाड़ियां एनएच-31 के रास्ते गंगा पार कर कहलगांव स्थित एनएच-80 और मिर्जाचौकी ग्रीनफील्ड फोरलेन तक पहुंच सकेंगी। इससे उत्तर बिहार, कोसी और सीमांचल के लोगों को झारखंड की ओर जाने के लिए भागलपुर शहर और विक्रमशिला सेतु पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।
इस सड़क संपर्क से नेपाल और भूटान की ओर से आने वाले वाहनों को भी झारखंड के गोड्डा, दुमका और देवघर समेत अन्य प्रमुख जिलों तक पहुंचने में सुविधा होगी। इससे क्षेत्र में व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विक्रमशिला सेतु पर यातायात का दबाव होगा कम
वर्तमान में विक्रमशिला सेतु भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन का प्रमुख माध्यम है। पुल पर लगातार बढ़ते यातायात के कारण लोगों को अक्सर जाम और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
गंगा पर प्रस्तावित कटरिया-बटेश्वरस्थान रेल सह सड़क पुल के अलावा सुल्तानगंज और बरारी में भी पुल निर्माण की परियोजनाएं चल रही हैं। इनके तैयार होने के बाद भागलपुर जिले में गंगा पार करने के लिए कई वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध होंगे। इससे विक्रमशिला सेतु और प्रस्तावित समानांतर पुल पर वाहनों का दबाव काफी कम होने की संभावना है।
26.23 किलोमीटर लंबी होगी नई रेल लाइन
प्रस्तावित परियोजना के तहत भागलपुर-पीरपैंती रेलखंड के विक्रमशिला स्टेशन से नवगछिया-कुरसेला रेलखंड के कटरिया स्टेशन तक 26.23 किलोमीटर लंबी नई डबल रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस रेलखंड में कहलगांव के बटेश्वरस्थान के पास गंगा नदी पर मुख्य रेल पुल का निर्माण किया जाएगा।
गंगा नदी पर लगभग 2.44 किलोमीटर लंबा स्टील ट्रस डबल डेकर पुल प्रस्तावित है। इस पुल के निचले हिस्से से दोहरी रेल लाइन गुजरेगी, जबकि ऊपरी हिस्से पर फोरलेन सड़क बनाई जाएगी।
421 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण
इस पूरी रेल परियोजना की शुरुआती लागत लगभग 2,178 करोड़ से 2,549 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है। अब इसमें फोरलेन सड़क जुड़ने से परियोजना की लागत में करीब दो हजार करोड़ रुपये और बढ़ने का अनुमान है। सड़क पुल के निर्माण में राज्य सरकार संभावित खर्च की आधी राशि वहन करेगी।
परियोजना के लिए भागलपुर जिले के कहलगांव, रंगरा और गोपालपुर क्षेत्रों में लगभग 421 एकड़ जमीन के अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया भी चल रही है।
कहां-कहां से गुजरेगा पुल और रेल मार्ग
प्रस्तावित रेल लाइन का दक्षिणी छोर भागलपुर-साहिबगंज रेलखंड के विक्रमशिला स्टेशन के पास होगा। यहां से रेल लाइन बटेश्वरस्थान की ओर बढ़ेगी। गंगा के दक्षिणी किनारे पर बटेश्वरस्थान के पास नया रेलवे स्टेशन प्रस्तावित है।
गंगा नदी पार करने के बाद रेल लाइन नवगछिया क्षेत्र के गोपालपुर और रंगरा प्रखंड के अजमाबाद तथा कालूचक जैसे गांवों से होकर गुजरेगी। उत्तरी किनारे पर कालूचक में भी नया रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा। इसके बाद रेल लाइन बरौनी-कटिहार रेलखंड के कटरिया स्टेशन से जुड़ जाएगी।
वहीं, पुल के ऊपरी हिस्से की फोरलेन सड़क को एनएच-31 और एनएच-80 से संपर्क मार्गों के जरिए जोड़ा जाएगा।
तीन साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
सांसद निशिकांत दुबे के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण लगभग तीन वर्षों में पूरा करने की योजना है। इसके पूरा होने से नवगछिया, भागलपुर, कटिहार, कोसी और सीमांचल के लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। यह पुल केवल रेल संपर्क ही नहीं, बल्कि उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क परिवहन के लिए भी एक महत्वपूर्ण विकल्प साबित हो सकता है।
