रंगरा चौक पर पुलिस की वाहन जांच में पकड़ी गई गांजे की बड़ी खेप, दो तस्कर गिरफ्तार
नवगछिया। रंगरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 31.705 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे लाल रंग के टोटो को भी जब्त कर लिया गया है।
एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 नवंबर को रंगरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लाल रंग का एक टोटो गांजे की बड़ी खेप लेकर रंगरा चौक होते हुए नवगछिया की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रंगरा चौक पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
टोटो की तलाशी में मिला 31.705 किलो गांजा
वाहन जांच के दौरान संदिग्ध लाल रंग के टोटो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में पुलिस ने कुल 31.705 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया और एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।

गिरफ्तार तस्करों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों की पहचान रंगरा पछियारी टोला निवासी मोहम्मद जहीर, पिता मोहम्मद मकसूद और रंगरा काली स्थान निवासी गुलशन कुमार, पिता पहाड़ी मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

