गोपालपुर में घर की छत पर चढ़कर तीन राउंड फायरिंग, बेटी की शादी की तैयारी के बीच परिवार में दहशत
गोपालपुर। गोपालपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक घर की छत पर चढ़कर तीन राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर सहायक थानाध्यक्ष गौरव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
गृहस्वामी रिंटू सिंह ने पुलिस को बताया कि पांच अपराधियों ने उनके घर की छत पर चढ़कर गोलियां चलाईं। घटना के समय घर के पुरुष सदस्य पड़ोस में भोज खाने गए हुए थे। गोली चलने की आवाज सुनकर वे घर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।
रिंटू सिंह की बेटी की शादी की तैयारी भी चल रही है। ऐसे में घर पर हुई फायरिंग की घटना से परिवार के लोग दहशत में हैं।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में फायरिंग की घटना कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर दो लोगों की पहचान की गई है।
सहायक थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

