झंडापुर पश्चिम पंचायत में छह महीने तक सड़क पर जलजमाव, महादलित टोला के लोगों की बढ़ी परेशानी

बिहपुर। प्रखंड की झंडापुर पश्चिम पंचायत में जलजमाव की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। पंचायत के वार्ड एक और नौ के बीच आरईओ सड़क पर साल में करीब छह महीने तक पानी जमा रहता है। लो लैंड में महादलित टोला तक बनी इस सड़क पर जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। यह सड़क झंडापुर बाजार, बैंक, स्कूल और थाना को एनएच-31 से जोड़ती है।

📲 Download Naugachia News App

Total Downloads: 568

वहीं, पंचायत के वार्ड आठ में शिवाला से भागवत चौधरी मध्य विद्यालय तक बनी सड़क पर भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण नाला निर्माण और जलनिकासी का रास्ता बाधित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, लंबे समय तक पानी जमा रहने और दुर्गंध फैलने से बीमारियों का खतरा बना रहता है। वार्ड नौ में बने सरकारी नाले को भी कुछ लोगों ने अवरुद्ध कर दिया है, जिससे जलनिकासी की समस्या और गंभीर हो गई है।

सांसद-विधायक निधि से स्थायी समाधान की उम्मीद

ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़ी राशि की जरूरत है। पंचायत फंड से इतना बड़ा काम कराना संभव नहीं है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सांसद या विधायक निधि से इस समस्या का समाधान हो सकता है।

मुखिया प्रतिनिधि शिव चौधरी ने बताया कि भगवती स्थान मोड़ से महादलित टोला तक सड़क लो लैंड में बनी है। इस कारण यहां महीनों तक पानी जमा रहता है।

मुखिया उषा देवी ने बताया कि तीन महीने पूर्व सरकार के सहयोग पोर्टल के माध्यम से कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग नवगछिया को पत्र भेजा गया है। इसमें एनएच-31 चोरहर ढाला से इमली चौक तथा बिहपुर रेलवे पूर्वी केबिन से 14 नंबर सड़क और महादलित टोला में सीताराम चौधरी के घर से मध्य विद्यालय तक जलजमाव दूर कराने की मांग की गई है। हालांकि, अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *