ऋषव मिश्रा कृष्णा, नवगछिया नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर गांव से एक ही परिवार की दोनों लड़कियों के गायब होने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जैसा कि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि लड़कियों को बोलेरो सवार अपराधी उठा ले गए. इस तरह की घटना के बाद स्थानीय लोग यह सवाल उठाने लगे हैं कि क्या अब लड़कियां अकेले मंदिर भी जल चढ़ाने ना जाएं ?
Total Downloads: 187
इलाके के कई ऐसे परिवार की लड़कियां जो पिछले चार सोमवारी से नारायणपुर जहाज घाट से जल भरकर बिहपुर के मड़वा स्थित बाबा बज्रलेश्वर धाम में जलाभिषेक करने जा चुकी है. पांचवी सोमवारी पर अब ऐसी लड़कियां जलाभिषेक करने नहीं जा पाएंगी. अपना नाम ना बताने के शर्त पर नारायणपुर के एक अभिभावक ने कहा कि इस तरह की घटना सुनने के बाद अब उन लोगों के मन में भय समा गया है. उनकी लड़कियां भी अपनी सहेलियों के साथ जल चढ़ाने जाती है, भगवान ना करे उनके साथ इस तरह की घटना घट जाए.

इसलिए पांचवी सोमवारी पर अपने परिवार की लड़कियों को मडवा जाने से मना कर दिया है. इधर दोनों लड़कियों के परिवार की हालत काफी खस्ता हाल है. घर का कोई भी सदस्य ठीक से सो नहीं पा रहा है. सबों को लड़कियों की चिंता खाए जा रही है. परिवार के मुखिया वृद्ध शैलेंद्र पंडित की हालत सबसे ज्यादा खराब है. उनका कहना है कि जीवन भर उन्होंने दुख में ही सुख तलाशने की कोशिश की. लेकिन जीवन के अंतिम समय में भगवान ने उन्हें यह कौन सा दिन दिखा दिया ? उसे दोनों लड़कियों के वापस आने की आस है. थाना और पुलिस से उन्हें आश्वासन मिला है की लड़कियों को जल्द ही वापस लाया जाएगा. घर की महिला सदस्य कहती है अगर उन लोगों को जरा भी भनक रहती कि इस तरह की घटना घटने वाली है तो वह दोनों को कभी नहीं जाने देती.
इस मामले में नवगछिया के कुछ स्थानीय लड़के भी शामिल थे. प्लानिंग थी कि लड़कियों को बाहर के शहरों में ले जाकर बेच देना है. सूत्रों की माने तो सपनों के सौदागर नवगछिया के गांव-गांव में घूमते हैं और मौके की तलाश में रहते हैं. यह सौदागर वैसी लड़कियों और महिलाओं पर दौरान डालते हैं जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं होती है. ऐसी लड़कियों और महिलाओं को अपने प्रेम जाल में फंसाकर ऐसे लोग लड़कियों को महानगरों में ले जाकर बेच देते हैं. पिछले दिनों ही साहू परबत्ता से भी इसी तरह का मामला प्रकाश में आया था. एक महिला को सब्जबाग दिखाकर समस्तीपुर के राजा नाम युवक ने बहला-फुसलाकर भगा ले गया.
जब पुलिस ने छानबीन की तो बात सामने आई कि वह युवक महिला को बेचने की फिराक में था लेकिन पुलिस की दबिश के कारण वह इसमें कामयाब नहीं हो सका. महिला की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया था. नारायणपुर के प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि मंटू यादव ने नवगछिया पुलिस के वरीय पदाधिकारियों से जल्द से जल्द दोनों लड़कियों की सकुशल घर वापसी कराने की मांग की है.

