भागलपुर : आदमपुर थाना क्षेत्र के राधारानी सिन्हा रोड स्थित पोस्टल कॉलोनी के सामने बुधवार को बैंक से रुपये निकाल घर लौट रही एक महिला का झपटमारों ने रुपयों से भरा बैग उड़ा लिया। महिला ने झपटमारों को पकड़ने का प्रयास भी किया लेकिन वे भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर रास्ते से गुजर रहे बाइक सवारों ने झपटमारों का पीछा भी किया पर पता नहीं चल सका।
Total Downloads: 77
शहर में पिछले एक महीने में महिलाओं से झपटमारी की यह तीसरी घटना है। जानकारी मिलने पर पहुंची आदमपुर पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी की जांच कर अपराधियों की तलाशी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर पौने तीन बजे आदमपुर स्थित स्वामी विवेकानंद पथ पर किराए के मकान में रहने वाली प्रीति देवी अपनी बेटी अनामिका के साथ डीएन सिंह रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक से एक लाख रुपये निकालकर पैदल ही लौट रही थी। पीड़ित महिला ने बताया कि रुपये हैंडबैग में रखे थे।

इसी बीच वह पोस्टल कॉलोनी के सामने फोन पर किसी से बात करने लगी। इतने में सफेद-काले रंग की बाइक पर आए दो बदमाशों में से पीछे बैठे बदमाश ने उनके कंधे से बैग पर झपट्टा मार छीन लिया। झपटमार रेड क्रॉस रोड के रास्ते भागने में सफल रहे। पीड़ित महिला ने बताया कि उनके बैग में बैंक से निकाले गए एक लाख रुपये के अलावा अलग से छह सौ रुपये और उनके घर व अलमारी की चाबियां भी थीं। महिला ने बताया कि वे लोग तेलघी के रहने वाले हैं। उनके पति संजीव सिंह केले के व्यापारी हैं। वह अपनी बेटी अनामिका के साथ आदमपुर में किराए के मकान में रहती है।

