नवगछिया : गौरीपुर और नरकटिया के चार युवकों की हत्या मामले में बुधवार को डीआईजी की कार्रवाई के बाद गुरुवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। डीआईजी विकास वैभव ने बताया कि मुंगेर और खगड़िया पुलिस की टीम ने एसटीएफ के साथ मिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी पिंकू झा को उसके चार साथियों के साथ मुंगेर के बरद्धा दियारा क्षेत्र से देर रात 12 बजे गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी तरफ एसडीआरएफ ने वॉलीबाल खिलाड़ी सौरभ का शव कहलगांव में गंगा से बरामद किया। शव की पहचान सौरभ के परिजनों ने की। पिंकू के साथ गिरफ्तार अपराधियों में अनंती चौधरी, विकास कुमार, शाहबाज आलम शामिल हैं।
Total Downloads: 116
डीआईजी ने बताया कि पूर्व सूचना पर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंगेर जिले के मुफहसिल थाना क्षेत्र के बरद्धा दियारा पहुंची और वहां छापेमारी शुरू की। छापेमारी में पिंकू झा को पुलिस ने दबोच लिया। उसके साथ बैठे तीन अन्य अपराधी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। उन्होंने बताया कि सभी अपराधियों को नवगछिया लाया जा रहा है और हत्या के बारे में पूछताछ की जा रही है। इस मामले में एक अन्य आरोपी रोहित को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

13 को गायब हुए थे लड़के, 18 को हत्या की पुष्टि:
सौरभ, छोटू, प्रदीप और श्रवण 13 नवंबर को गायब हुए थे। दो दिन बाद 15 नवंबर को खरीक थाने में पुलिस ने लड़कों के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज की और 18 तारीख को नवगछिया पुलिस ने चारों की हत्या की पुष्टि की। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
वॉलीबाल खेलने के लिए बुलाया था खगड़िया:
चारों लड़कों को पिंकू झा ने वॉलीबाल खेलने के नाम पर खगड़िया बुलाया था। हत्याकांड के बाद नवगछिया पुलिस ने बताया कि चारों लड़कों को पिंकू झा ने अपने साले सिक्सर झा से वॉलीबाल खेलने के लिए बुलाया था। इसके बाद चारों लड़के खगड़िया के लिए रवाना हुए। पहले वह अपने एक रिश्तेदार के यहां पहुंचे और चाय पी। उसके बाद देर शाम एक बासे पर उन्होंने शराब भी पी थी। वहीं पिंकू झा ने चारों के हाथ पैर बांध गोलीमार हत्या कर दी। हत्या करने के बाद चारों के शव सलारपुर के छोटी लंगार गांव के पास गंगा नदी में फेंक दिया।
पैक्स चुनाव की दुश्मनी निकाली पिंकू ने:
पिंकू झा ने पैक्स चुनाव में हारने की दुश्मनी चारों से निकाली। पिंकू झा और मारे गए छोटू झा के पिता पैक्स चुनाव में प्रतिद्वंद्वी थे। चुनाव में पिंकू झा हार गया। इसके बाद गांव में लगे कार्तिक मेले में दोनों के बीच लड़ाई हुई थी जिसमें दोनों ने एक दूसरे को देख लेने धमकी दी थी। इससे पहले पिंकू झा और छोटू के बीच जलकर को लेकर भी विवाद था।

