भागलपुर।: 10 दिसंबर से पश्चिमी हवा अधिक तेजी से बहेगी। इसके असर से कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो जाएगी। धुंध और कोहरा भी सितम ढाएगा।
पिछले एक सप्ताह से मंद-मंद चल रही सर्द हवा के कारण तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ रही है। न्यूनतम पारा 8.4 और अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। इसके कारण सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का हाल तो अभी से ही बेहाल हो गया है। शहरी क्षेत्र की तुलना में वहां अधिक ठंड पड़ रही है। बावजूद इसके अभी तक कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। गरीबों को बांटने के लिए प्रशासन को अभी तक कंबल भी नहीं मिला है।

मौसम पूर्वानुमान
मौसम पूर्वानुमान में बताया गया कि दिन हो या रात 10 दिसंबर से कड़ाके की ठंड पड़ने के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाएगा। स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
अलाव की नहीं है व्यवस्था
चौक-चौराहों से लेकर स्टेशन व बस स्टैंड पर देर रात तक दिहाड़ी करने वाले मजदूरों को ठंड से बचाने के लिए अब तक सरकार द्वारा कहीं अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है।
घरों में कैद हो रहे लोग
अचानक ठंड बढ़ जाने के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक के गरीब-गुरबे शाम पड़ते ही घरों में कैद हो जा रहे हैं। कोई भी सामाजिक संगठन ठंड से ठिठुरते गरीबों को सहारा देने के लिए आगे नहीं आया है।


