अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश कुमार

नवगछिया : दिनों दिन ठंड में हो रही बढ़ोतरी के कारण नवगछिया का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. सुबह दोपहर बाद ही कार्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर चहल पहल देखी जा रही है तो शाम ढलते ही ऐसे जगहों पर सन्नाटा पसर जा रहा है. ठंड और कनकनी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है. सुबह सुबह रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को कांपते देखा जा रहा है. नवगछिया में प्रशासनिक स्तर से अब तक न तो अलाव की व्यवस्था की गयी है और न ही कंबलों का वितरण किया गया है.

नवगछिया स्टेशन पर रिक्शा चालक रघुनाथ यादव ने कहा कि वे सुबह पांच बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर सवारी का इंतजार करते हैं. भीषण ठंड में उनलोगों की हालत खराब है. अगर एक अलाव की व्यवस्था रहती तो वे लोग सवारी का इंतजार अलाव तापते हुए कर लेते, कुछ राहत जरूर मिलती. राहगीर सनोज शर्मा ने कहा कि सुबह स्टेशन आया तो पता चला कि ट्रेन लेट है. स्टेशन परिसर खुला खुला है कहीं भी बैठने पर शरद हवा में हालात खराब हो गयी.

बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे दिनेश मंडल ने ठंड और अलाव के बारे में पूछने पर हंस कर उत्तर देते हुए कहा कि सरकार तो अलाव का इंतजाम तभी करेगी जब पसीना चलने लायक गर्मी आ जाय. नवगछिया के कई ऐसे स्थल हैं जहां इस समय तुरंत अलाव की व्यवस्था करने की जरूरत है. आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, जदयू के नगर अध्यक्ष प्रकाश राय ने प्रशासनिक पदाधिकारियों से तुरंत अलाव की व्यवस्था करने की मांग की है. कुछ सामाजिक संगठन ने अलाव की व्यवस्था नवगछिया स्टेशन पर किया है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है.

कहते हैं एसडीओ

नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि अलाव जलाने के संबंध में शनिवार को आवश्यक निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि वास्तव में ठंड में बढ़ोतरी हुई है.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *