– निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने कहा : पुलिस लाइन की स्थिति अच्छी नहीं, गंदगी भी है भवन की स्थिति भी जर्जर है

– छह माह में नए भवन में शिफ्ट हो जाएगा पुलिस लाइन

नवगछिया : भागलपुर रेंज के डीआईजी विकाश वैभव ने सोमवार को नवगछिया पुलिस लाइन एवं एस पी कार्यालय का निरीक्षण किया. सर्वप्रथम उन्होंने नवगछिया बाजार समिति के भवन में चल रहे पुलिस लाइन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के दस्तावेजों की जांच की एवं जर्जर भवन में रह रहे पुलिस जवानों की स्थिति को देखा. इस दौरान उन्होंने बैरक का निरीक्षण किया एवं हथियारों की स्थिति की जांच की. निरीक्षण के बाद उन्होंने एनएच 31 के किनारे बस स्टैंड के पास निर्माणाधीन पुलिस लाइन भवन का भी निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद डीआईजी विकास वैभव ने कहा कि वर्तमान पुलिस लाइन की स्थिति अच्छी नहीं है. गंदगी तो है ही भवन भी जर्जर स्थिति में है. जो कभी भी गिर सकता है. इसको लेकर सभी चिंतित हैं.

वहीं निर्माणाधीन पुलिस लाइन में भवन का निर्माण तो हो गया है लेकिन उसमें काफी कमी है. भवन का फर्श धंस गया है, बिजली कनेक्शन नहीं है , सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है. बैरक का निर्माण नहीं हुआ है. उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन पुलिस लाइन में बैरक निर्माण, बिजली कनेक्शन व फर्श की मरम्मती के लिए पुलिस भवन निर्माण विभाग को लिखकर जल्द से जल्द फर्श की मरम्मती करने को निर्देशित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि छह माह में पुलिस लाइन अपने नए भवन में शिफ्ट हो जाएगा और 15 अगस्त का पैरेड व झंडोत्तोलन नए पुलिस लाइन में होगा.

उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान पुलिस 21 गाड़ियां जर्जर स्थिति में पाई गई. इन गाड़ियों को नवगछिया एसपी को नीलाम की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है. गाड़ियों की नीलामी के बाद नवगछिय पुलिस लाइन में नई गाड़ियां आएंगी. नई गाड़ियों के आने से नवगछिया पुलिस के रफ्तार में भी तेजी आएगी. निरीक्षण के दौरान लाइन में चार चालक प्राइवेट पाए गए जिसे हटाने का निर्देश दिया. डीआईजी ने कहा कि पुलिस का कोई भी वाहन निजी चालक नहीं चलाएंगे. चालक की कमी को देखते हुए नवगछिया पुलिस जिला में भागलपुर एवं बांका जिले से चार चालक की प्रतिनियुक्ति किये जाने की बात कही.

एसपी कार्यालय का निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि पुलिस ऑफिस का कार्य संतोष जनक है. बीते दिनों अपराध की घटना देखी जा रही थी उस में कमी आई है. पूर्व के अपराधिक घटनाओं में पुलिस को कई सफलताएं मिली है. अंचल द्वारा कांड का डिस्पोजल नहीं हुआ है. जिसको लेकर सर्किल इंस्पेक्टर से नवगछिया एसपी द्वारा स्पष्टीकरण पूछा गया है. साथ ही लंबित कांडों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. निरीक्षण के दौरान एसपी पंकज सिन्हा, एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन, डीएसपी मुख्यालय पी के झा, मेजर रणधीर मिश्रा सहित नवगछिया थाना अध्यक्ष संजय कुमार सुधांशु व अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

– बिहपुर में जल्द डीएसपी की होगी प्रतिनियुक्ति

डीआईजी विकाश वैभव ने कहा कि नवगछिया पुलिस जिला के बिहपुर में डीएसपी का पद सृजित किया गया है. जल्द ही बिहपुर में डीएसपी की प्रतिनियुक्ति होगी. उन्होंने बताया कि इसको लेकर सभी प्रक्रिया पूरी कर प्रपोजल तैयार कर पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया है.

– नदी थाने का होगा आधुनिक भवन एसपी कार्यालय व आवास का होगा निर्माण

डीआईजी विकास वैभव ने कहा कि पुलिस ऑफिस एवं पुलिस अधीक्षक के आवास का भी निर्माण कार्य जल्द ही आरंभ किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आवास एवं कार्यालय निर्माण को लेकर जमीन चिन्हित कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि नदी थाने का भी एक स्थाई आधुनिक भवन होगा. नदी थाना को लेकर जगह चिन्हित कर लिया गया है. नदी थाना में नाव की व्यवस्था रहेगी. तत्काल नदी थाना किराए पर नाम लेकर कार्य करेगी.

– पैरेड का स्तर अच्छा, मिला अवार्ड

डीआईजी के निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई. पुलिस जवानों द्वारा पैरेड किया गया. इस दौरान डीआईजी ने पैरेड का स्तर अच्छा बताते हुए सभी प्लाटून को नगद अवार्ड दिया. कमांडो प्लाटून को एक हजार, महिला प्लाटून को पांच सौ एवं बैंड प्लाटून को पांच सौ का नगद अवार्ड दिया गया. वही दो चालक को भी नगद रिवार्ड दिया गया.

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *