नवगछिया : बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने मंगलवार को रंगरा प्रखंड के मदरौनी एवं खरीक के राघोपुर में नदी किनारे हो रहे कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण किया। मदरौनी में कोसी नदी में उपयोग किये जा रहे छोटे-छोटे बोल्डर देखकर विभाग के पदाधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि 40 किलो का बोल्डर कटाव निरोधी कार्य में लगाया जाए। संवेदक ने बोल्डर नहीं मिलने का रोना रोया, जिसपर आयुक्त ने कहा कि हर हाल में बड़े बोल्डर लगाया जाए। उन्होंने प्राक्कलन के अनुसार कार्य करने की भी हिदायत दी।

उन्होंने कार्य की गति धीमी देख नाराजगी जताई एवं हर हाल में ससमय कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं राघोपुर में गंगा नदी किनारे 270 मीटर की लम्बाई में तीन करोड़ 54 लाख की राशि से हो रहे तटबंध मरम्मति कार्य की भी जांच की। उन्होंने कार्यों को बारीकी से देखा एवं कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने आयुक्त को बताया कि यहां कई जगह ब्लैक स्पॉट है, जहां कार्य करना आवश्यक है। यहां 17 हजार की आबादी रहती है। बांध के टूटने से पूरा अनुमंडल बर्बाद हो जाएगा। किन्तु विभाग के पदाधिकारियों द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है।

जांच टीम का किया जाएगा गठन

तटबंध निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि बाढ़ प्रमंडल द्वारा कराये जा रहे कार्यों की जांच के लिए टीम का गठन किया जाएगा। साथ ही पिछले पांच वर्षों में किस-किस जगहों पर पानी का अत्यधिक दबाव बना है, उस जगह की सूची तैयार कर बाढ़ रोकने के लिए कार्य करने का निर्देश विभाग के पदाधिकारियों को दिया। मौके पर एसडीओ मुकेश कुमार, सीओ निलेश कुमार चौरसिया एवं विभाग के पदाधिकारियों के अलावा जेई विजय कुमार आदि मौजूद थे।

छोटे बोल्डर देखकर मंत्री ने कराई थी प्राथमिकी

मदरौनी में जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह ने निरीक्षण के दौरान छोटे-छोटे बोल्डर को देखकर नाराजगी जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी वहां छोटे-छोटे बोल्डरों का उपयोग किया जा रहा है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *