पटना एयरपोर्ट पर अब यात्रियों का स्वागत बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान करेंगे। इसके लिए वहां ऐसी मशीन लगाई जा रही है, जिसपर बॉलीवुड सुपरस्टार स्क्रीन पर होंगे और मशीन के जरिए विमान यात्रियों से हाथ मिलाएंगे। यात्रा पर जाने से पूर्व उनका स्वागत करते हुए किंग खान यह बताएंगे कि वे विमान अपने साथ क्या-क्या ले जा सकते हैं और कितना सामान आपको कारगो में लोड कराना है।
दरअसल, पटना के जयप्रकाश नारायण पटना एयरपोर्ट पर रविवार से दिन-रात विमान सेवाएं शुरू होने के बाद इसे विश्वस्तरीय बनाने की कवायद के तहत वर्चुअल मशीन लगाने का काम शुरू होने जा रहा है, जिसमें ये सारी सुविधाएं रहेंगी।
अभी विदेशों में ही हैं वर्चुअल मशीनें
एयरपोर्ट निदेशक राजेंद्र सिंह लाहोरिया ने बताया कि कई देशों के एयरपोर्ट पर वर्चुअल मशीन लगी हैं। इनसे जुड़ी स्क्रीन पर मशहूर हॉलीवुड हस्तियों के अलावा फुटबॉलर और दूसरी शख्सियतें एयरपोर्ट सिक्योरिटी होल्ड क्षेत्र में प्रवेश करते ही यात्रियों से हाथ मिलाकर उनका स्वागत करती हैं। वे बताते हैं कि फ्लाइट में अपने साथ क्या ले जा सकते हैं, क्या नहीं?

एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि पटना एयरपोर्ट पर भी वर्चुअल मशीन शाहरुख खान के अलाव अन्य मशहूर हस्तियों से विमान यात्रियों को मिलवाएगी। फिलहाल स्क्रीन के जरिए किंग खान यात्रियों का स्वागत करेंगे। इसके अलावा एयरपोर्ट पर पूरी व्यवस्था कंप्यूटरीकृत होगी। यात्रियों की सुरक्षा जांच भी कंप्यूटर से होगी।
लगेगी फुल बॉडी स्कैनर
निदेशक ने बताया कि बड़े एयरपोर्ट की तर्ज पर पटना एयरपोर्ट पर भी फुल बॉडी स्कैनर लगाया जाएगा, जिससे कम समय में यात्रियों को बिना हाथ लगाए स्कैनिंग से सुरक्षा जांच हो जाएगी।
चेक इन के साथ लगेज का वजन
एयरपोर्ट पर कंप्यूटराइज्ड वेइंग मशीन लगेगी। सिक्योरिटी क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद यात्री मशीन पर लगेज रख देगा और कंप्यूटर स्क्रीन पर वजन दिखने लगेगा। निर्धारित वजन से अधिक सामान होने पर कंप्यूटर पर बोर्डिंग पास का विकल्प नहीं आएगा। इसके स्थान पर अतिरिक्त भुगतान का ऑप्शन आएगा। जुर्माना भरने के बाद बोर्डिंग पास निर्गत होगा।
सामान की भी इनलाइन एक्स-रे मशीन से जांच कर ली जाएगी। संदेह होने पर यात्री को रोक लिया जाएगा। यदि सब कुछ ठीक है तो यात्री को विमान तक जाने दिया जाएगा। इस सिस्टम से यात्रियों की जांच में समय कम लगेगा। इसके अलावा बायोमीट्रिक मशीन लगी रहेगी। यात्री जैसे ही पासपोर्ट मशीन पर रखेगा, उसका पूरा डिटेल स्क्रीन पर आ जाएगा।


