नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र के नगरह रामनगर बिंदटोली घाट के पास कोसी नदी में हुए नौका हादसे में लापता कुल आठ लोगों में से एक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया है. बरामद शव राजकुमार महतो के 22 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण कुमार का है. नवगछिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है. नौका हादसे में अभी भी सात बच्चे लापता हैं. मालूम हो कि लक्ष्मण का शव घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर वैसी घाट के पास कोसी नदी से बरामद किया गया है.
घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर मिला लक्ष्मण का शव
एसडीआरएफ के 15 और एनडीआरएफ के 30 जवान कर रहे हैं शवों की तलाश
आशंका है कि अन्य सात शव भी बह कर दूर निकल गये होंगे. रविवार को देर रात ही एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गयी थी जबकि एसडीआरएफ की टीम रविवार को देर शाम से ही शवों का तलाश कर ही थी. शवों को खोजने के क्रम में नदी में फेंके गये जाल में कुछ श्रृंगार की सामग्रियां, चाभी और कई चीजों की बरामदगी की गयी है. कहा जा रहा है कि सभी सामान मृतकों के हैं. सोमवार की सुबह से एसडीआरएफ के 15 जवान और एनडीआरएफ के 30 जवानों द्वारा संयुक्त रूप से शवों को कोसी नदी में ढूंढ़ रहे थे.

सोमवार को देर शाम शवों को खोजने की प्रक्रिया का रात में विराम दिया जायेगा और मंगलवार की सुबह से एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों द्वारा शवों को फिर से ढ़ूढ़ने का काम शुरू किया जायेगा. परिजनों की शिकायत पर नवगछिया एसडीओ मुकेश कुमार ने खुद बोट से कुर्सेला तक परिजनों के साथ गये और कोसी नदी के किनारे शवों को खोजने का प्रयास किया. सोमवार को सुबह से ही रामनगर घाट पर नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार, सीओ नवगछिया उदय कृष्ण यादव, खरीक बीडीओ संतोष कुमार मिश्र देर शाम तक कैंप करते रहे.

नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि सर्वप्रथम सभी लापता लोगों के शवों को बरामद करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. इसके लिए प्रशासन ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है. जिन लोगों के शवों की बरामदगी हो जायेगी. उन्हें तत्काल मुआवजा दिया जायेगा. मालूम हो कि नौका हादसे में अब सात बच्चे नवगछिया के लापता लोग : नवगछिया थाना क्षेत्र के नगर बिंद टोली निवासी बलराम महतो की दो पुत्री व एक पुत्र क्रमश: सोनी कुमारी12, खुशबू कुमारी09, निलेश कुमार06, गोपालपुर थाना क्षेत्र के करारी तीनटंगा निवासी वेदानंद महतो के एक पुत्र व दो पुत्री राजू कुमार 06, गुंजा कुमारी09, मुन्ना महतो 08, मुंगेर जिला निवासी फेकन महतो की पुत्री रीता कुमारी 10 हैं. गायब मल्लाह के बारे में सोमवार को स्थिति स्पष्ट हो हुई कि वह घटना के तुरंत बाद तैर कर बाहर निकल गया और अपने घर चला गया था, वह सुरक्षित है.
कहते हैं एसडीओ
नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि नौका हादसे के जिम्मेदार लोगों के विरूद्ध कार्रवाई की जायेगी. नौका के मालिक का पता लगाया जा रहा है. उनलोगों की पहली प्राथमिकता शवों को नदी से बाहर निकालने की है, इस कार्य में उनलोगों ने पूरी ताकत लगा दी है. जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ है.


