नवगछिया/भवानीपुर। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण नवगछिया के भवानीपुर स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर परिसर में जलजमाव की समस्या गंभीर हो गई है। मंदिर परिसर में समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी आंगन में जमा हो गया है। श्रद्धालुओं को पानी के बीच से होकर काली मंदिर और शिवालय तक पहुंचकर पूजा-अर्चना करनी पड़ रही है।
Total Downloads: 330
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर परिसर के चारों तरफ का भू-भाग ऊंचा है, जबकि मंदिर का आंगन अपेक्षाकृत निचले स्थान पर है। बारिश के पानी के बाहर निकलने का पर्याप्त रास्ता नहीं होने के कारण पानी आंगन में ही जमा हो जाता है। लगातार बारिश के बाद जलजमाव और बढ़ गया है।
पंडित शैलेश कुमार झा, पंडित विजय झा उर्फ बिजली झा, चंद्रकांत शाह, मुकेश भगत और अरुण यादव समेत स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर परिसर में पानी भर जाने से पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही है। काली मंदिर के अलावा शिवालय जाने वाले लोगों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

करीब 50 घरों के लोगों का होता है आवागमन
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर परिसर से होकर आसपास के करीब 50 घरों के लोगों का प्रतिदिन आवागमन होता है। ऐसे में जलजमाव केवल श्रद्धालुओं की समस्या नहीं है, बल्कि स्थानीय परिवारों के लिए भी परेशानी का कारण बन गया है। जरूरी काम से घर से निकलने वाले लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और मंदिर कमेटी से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि फिलहाल पानी निकालने के लिए अस्थायी व्यवस्था जरूरी है, लेकिन भविष्य में समस्या से स्थायी निजात के लिए नाला या अन्य समुचित जल निकासी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।
जल्द कराई जाएगी पानी की निकासी
इधर, मंदिर के व्यवस्थापक प्रशांत कुमार उर्फ पिंटू यादव ने बताया कि जलजमाव की समस्या को देखते हुए जल्द ही अस्थायी व्यवस्था कर पानी की निकासी कराई जाएगी। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि बारिश के मौसम में बार-बार होने वाली इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
