पटना एयरपोर्ट पर दो विमानों की लैंडिंग के दौरान बड़ी दुर्घटना होने से बच गयी। शनिवार सुबह जहां स्पाइस जेट की मुंबई से आनेवाली फ्लाइट लैंडिंग के दौरान पक्षी से टकरा गई वहीं दूसरी घटना शाम 5.30 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6E508 के साथ हुई। दिल्ली से आने वाली यह फ्लाइट भी एक पक्षी से टकरा गयी। दोनों पायलट ने सूझ-बूझ से विमानों की सुरक्षित लैंडिंग कराई।
Total Downloads: 116
सुबह में स्पाइस जेट की मुम्बई से आनेवाली फ्लाइट एसजी 376 रनवे पर उतरने ही वाली थी कि राह में एक पक्षी के आने से स्थिति अनियंत्रित हो गयी। पायलट ने किसी तरह विमान को रनवे पर उतारा और एरिया ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी। इसके बाद पार्किंग बे में विमान की जांच की गई। साढ़े आठ बजे हुई इस घटना से स्पाइस जेट की कोलकाता कनेक्टिंग फ्लाइट डेढ़ घंटे तक पटना एयरपोर्ट पर रुकी रही। क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के बाद इसे कोलकाता के लिए रवाना किया गया।

सुबह में हुई इस घटना के बाद शाम में दिल्ली से इंडिगो की आनेवाली फ्लाइट के साथ भी ऐसी ही पुनरावृत्ति हुई। फ्लाइट 6E 508 शाम साढ़े पांच बजे लैंड करनेवाली थी कि हवा में पक्षी से टकरा गई। विमान में 150 यात्री थे। पायलट ने विमान को रनवे पर उतार कर एटीसी को सूचना दी। विमान को पटना से लौटकर दिल्ली जाना था। हालांकि विमान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण इसे ग्राउंड कर दिया गया। दोनों घटनाओं में एयरपोर्ट प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एपरपोर्ट पर रनवे और हवाई रास्ते से पक्षियों को दूर रखने के लिए निजी कंपनी को ठेका दिया गया है। लेकिन कंपनी की लापरवाही से विमान के रास्ते मे पक्षी आ रहे हैं। पक्षियों को हटाने के लिए पटाखे फोड़ने व अन्य उपायों पर अमल नहीं किया जाता।

