डीएस कॉलेज कटिहार में बीए पार्ट वन की परीक्षा देने जा रही एक छात्रा का एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने अपहरण कर लिया। लेकिन अपनी सूझबूझ और दिलेरी से छात्रा ने खुद को बचाया।

दरअसल अपहृत होने के बाद छात्रा ने भीड़भीड़ इलाके में शोर मचाया। शोर सुनकर कुछ स्थानीय लोग जुटे और बाइक सवार बदमाशों को घेर लिया। इस दौरान एक बदमाश भाग निकला, लेकिन एक को पकड़ कर लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। छात्रा के आग्रह पर उसे लेकर सेमापुर पुलिस कटिहार पहुंची। वहां पुलिस ने डीएस कॉलेज पहुंचाकर छात्रा को परीक्षा दिलायी। परीक्षा देने के बाद छात्रा ने नगर थाना पहुंच कर अपने अपहरण की लिखित शिकायत की है।

लिखित शिकायत में गौशाला की छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह सोमवार को अपने घर से निकलकर डीएस कालेज केन्द्र पर परीक्षा देने जा रही थी। जब वह कालेज गेट पर पहुंची ही थी कि पीछे से एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे जबरन हाथ पकड़कर बाइक पर बैठा लिया। जब छात्रा चिल्लाई, तो बदमाश भाई को गोली मार देने की धमकी देने लगा। इसके बावजूद उसने हिम्मत जुटा कर शोर मचाया, लेकिन किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया।

इसके बाद बदमाश उसे बीच में बैठाकर तीनगछिया सड़क के रास्ते शरीफगंज चौक पर पहुंचे और वहां से कटिहार-बरारी सड़क के रास्ते तेजी से भागने लगे। वहां भी उसने हल्ला किया लेकिन किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया। उसके बाद सेमापुर बाजार में लोगों को देखकर उसने एक बार फिर हल्ला किया, तो बाजार के लोग जुट गये। इस दौरान एक बदमाश भाग निकला जबकि एक को लोगों ने पकड़ कर सेमापुर पुलिस के हवाले कर दिया।

टाउन इंस्पेक्टर ने बताया कि छात्रा के आवेदन पर एक बाइक सवार बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान मनसाही थाना क्षेत्र के बथनाहा निवासी अमर कुमार सिंह के रूप में की गयी है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है। साथ ही दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर दी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By Rishav Mishra Krishna

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *