स्नातक पार्ट वन 2018 के गणित का पेपर शुक्रवार को व्हाट्सएप पर वायरल होने के बाद शनिवार को परीक्षा स्थगित हो गई। टीएमबीयू प्रशासन ने जब मामले की पड़ताल की तो वायरल हुआ प्रश्नपत्र असली निकला। गणित की परीक्षा शनिवार को दूसरी पाली में थी, लेकिन शुक्रवार को इसका प्रश्नपत्र व्हाट्सएप पर वायरल हो गया था।
परीक्षा अब कब होगी, यह तय नहीं हुआ है। प्रतिकुलपति प्रो. रामयतन प्रसाद ने मामले की जांच के लिए कमेटी बनाने की सिफारिश कुलपति से की है। प्रतिकुलपति ने बताया कि पर्चा लीक की खबर अखबार में आने के बाद उन्होंने शनिवार को प्रश्नपत्र सेट करने वाले शिक्षक से बात की। जो पर्चा लीक हुआ वह मूल प्रश्नपत्र से हू-ब-हू मिल गया। ऐसे में परीक्षा स्थगित करना जरूरी था। परीक्षा दूसरी पाली में थी, इसलिए परीक्षा शुरू होने के पहले तक कॉलेजों को इसकी सूचना दी गई। प्रतिकुलपति ने बताया कि मामले की जांच करने की सिफारिश उन्होंने कुलपति से की है।

उन्होंने बताया कि पेपर लीक करने में तीन जगहों पर आशंका है। पहला प्रेस, जहां प्रश्नपत्र की छपाई हुई है। इसके अलावा परीक्षा विभाग और परीक्षा केन्द्र पर भी शक की सूई जा रही है। हालांकि सच्चाई जांच के बाद ही पचा चलेगा।
दूसरी तरफ कई परीक्षा केन्द्रों पर गणित की परीक्षा के लिए पहुंच चुके छात्रों को लौटना पड़ा। पर्चा लीक होने के कारण परीक्षा स्थगित होने की सूचना छात्रों को परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचने के बाद ही मिली। हालांकि कॉलेजों को परीक्षा स्थगित करने की दी गई सूचना में विवि ने पर्चा लीक का जिक्र नहीं किया था।


