शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से पहला कदम उठाया गया है। शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर बेतरतीब ढंग से ई-रिक्शा, टेंपो व वाहन खड़ाकर सवारी चढ़ाने- उतारने से जाम की स्थिति बनती है, लेकिन अब चौक से 100 मीटर दूर ही वाहन खड़े रहेंगे। इसके लिए वाहन पड़ाव बनाए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत तीन मुख्य चौक से की जा रही है। मनाली चौक के दाेनों तरफ टेंपो पड़ाव के लिए बोर्ड लगाए जा चुके हैं। कचहरी चौक और तिलकामांझी चौक पर रविवार की सुबह बोर्ड लगा दिए जाएंगे। इसके साथ ही रविवार से यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। अगर पड़ाव पर वाहन खड़े नहीं कर चौक के पास आएंगे तो संचालक व चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसकी निगरानी खुद सदर एसडीओ करेंगे। व्यवस्था को लागू करने की जवाबदेही ट्रैफिक पुलिस की रहेगी। एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि इस तरह का प्रयोग आदमपुर व कोतवाली समेत अन्य चौक पर भी होगा।
Total Downloads: 198
इस व्यवस्था को लागू करने के लिए बीते दो माह से प्रयास चल रहा है। इसके लिए सबसे पहले कमिश्नर ने बैठक कर इस व्यवस्था को लागू करने का निर्देश जारी किया था। इसके बाद सदर एसडीओ की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। हालांकि पूर्व कमिश्नर अजय कुमार चौधरी ने करीब डेढ़ साल पहले निर्देश दिया था कि तिलकामांझी चौक पर बीच सड़क पर टेंपो व अन्य वाहन खड़ा करके सवारियों के चढ़ाने-उतारने का सिलसिला बंद किया जाए। इस निर्देश पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर और एमवीआई को अमल करना था। लेकिन दो-तीन दिन के बाद ही यह व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी। शनिवार को मनाली चौक पर ड्रॉपिंग प्वाइंट पर बोर्ड लगाती ट्रैफिक पुलिस।

मनाली चौक के दोनों तरफ बना ड्रॉपिंग-पिकअप प्वाइंट
मनाली चौक पर ई-रिक्शा और टेम्पो के लिए ड्रॉपिंग और पिकअप प्वाइंट निर्धारित कर दिया गया है। चौक से 100 मीटर आगे सड़क के दोनों ओर बोर्ड लगाए गए हैं। यह बोर्ड नगर निगम कार्यालय से तिलकामांझी की ओर जानेवाले रास्तेमें लगाया गया है। जहां आने-जाने के दौरान ई-रिक्शा और टेम्पो रुक कर यात्रियों को उतारेंगे और चढ़ाएंगे। पहले बीच चौक पर गाड़ियां रुकती थी। इससे जाम लग जाता था। नगर निगम के सहयोग से अस्थाई ड्रॉपिंग और पिकअप प्वाइंट बनाया गया है।
शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए शुरुआती दौर में तीन मुख्य चौक पर 100 मीटर दूर वाहन पड़ाव बनाए गए हैं। यह व्यवस्था रविवार से लागू हो जाएगी।
-आशीष नारायण, सदर एसडीओ
कचहरी चौक से पहले जयप्रकाश उद्यान के दक्षिणी गेट के पास होगा पड़ाव डीएम ऑफिस के सामने के मुख्य चौराहे से पूरब कचहरी चौक के किनारे टेंपो पड़ाव बनाया गया है। यहां भीखनपुर, घंटाघर और कचहरी की तरफ तीन तरफ रास्ता है। इस कारण वहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। हालांकि यहां चौक से ठीक सटे पटेल स्मारक के पास टेंपो खड़ाकर अभी सवारी चढ़ाते-उतारते हैं। इस कारण से वहां जाम लग जाता है। लेकिन जब कचहरी की दीवार से सटे पड़ाव में टेंपो लगेगा तो जाम से राहत मिल सकती है। हालांकि एक समस्या यह है कि तिलकामांझी से जानेवाले टेंपो को खड़ा करने के लिए वहां जगह का अभाव है।

ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि जयप्रकाश उद्यान के दक्षिणी द्वार से सटी दीवार के पास पड़ाव बनाया जा सकता है। तिलकामांझी से बरारी के रास्तेमें जगह का अभाव, पड़ाव बनाने में परेशानी तिलकामांझी चौक पर तीन रास्ते हैं। एक तिलकामांझी से एसएसपी आवास होते हुए कचहरी की ओर, दूसरा तिलकामांझी से मनाली और तीसरा, तिलकामांझी से बरारी की ओर।
तिलकामांझी से एसएसपी आवास की ओर के रास्तेमें चलनेवाले टेंपो के लिए सर्किट हाउस से सटी दीवार के पास पड़ाव बनाया गया है। दूसरी ओर तिलकामांझी से मनाली के रास्तेमें चौक से थोड़ी दूर पर है। हालांकि सबसे ज्यादा परेशानी तिलकामांझी से बरारी के रास्तेमें है। उधर जगह का अभाव है। इसलिए वहां टेंपो पड़ाव बनाने में प्रशासन को परेशानी हो रही है। संभावना जताई जा रही है कि अभी सरकारी बस स्टैंड और मेडिकल क्वार्टर के सामने की सड़क के किनारे टेंपो खड़ेकिए जाएंगे, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके।

