सावन के महीने में बाबा नगरी देवघर और जल भरने सुल्तानगंज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। सहरसा-भागलपुर अप-डाउन इंटरसिटी ट्रेन का परिचालन 27 जुलाई से फिर से शुरू होगा।
करीब एक महीने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे और समस्तीपुर मंडल प्रशासन ने फिर से इस ट्रेन का परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। ट्रेन चलने से यात्रियों को राहत मिलेगी। समस्तीपुर मंडल के सीनियर डीसीएम वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि 27 जुलाई से 26 अगस्त तक 31 ट्रीप इंटरसिटी ट्रेन सहरसा और भागलपुर दोनों तरफ से मुंगेर पुल होकर चलेगी।

यात्रियों का रिस्पॉन्स मिला तो आगे भी यह ट्रेन चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सहरसा से सुबह 7.30 बजे खुलकर दोपहर 12 बजे सुल्तानगंज और 1.30 बजे भागलपुर पहुंचेगी। भागलपुर से दोपहर तीन बजे खुलकर रात 9.20 बजे सहरसा पहुंचेगी। 12 कोच वाली ट्रेन में 10 जनरल बोगी और दो एसएलआर लगे रहेंगे।
मुजफ्फरपुर-भागलपुर श्रावणी मेला जनसाधारण स्पेशल भी 27 से : मुजफ्फरपुर-भागलपुर श्रावणी मेला जनसाधारण स्पेशल भी 27 जुलाई से 26 अगस्त तक चलेगी। 12 कोच वाली यह अनारक्षित ट्रेन मुक्जफ्फरपुर से दोपहर 1.15 बजे खुलेगी और भागलपुर शाम 6.30 बजे पहुंचेगी। भागलपुर से रात 8.15 बजे खुलकर मुजफ्फरपुर रात दो बजे पहुंचेगी। यह समस्तीपुर होगी आएगी-जाएगी।


