यूपी के बाबरी मस्जिद विध्वंस पर केंद्रित लघु फिल्म ‘पुण्यतिथि- ए डेथ एनिवर्सरी’ का ट्रेलर मंगलवार को जारी होते ही यूट्यूब पर चर्चा में है। इस घटना के बाद समाज के हर वर्ग के लोगों को परेशानी, हताशा, दंगा, असुरक्षा, मौतों आदि का सामना करना पड़ा था।
फिल्म में इन्हीं परिस्थितियों को जीवंत रूप दिया गया है। लखीसराय के लोगों के लिए यह फिल्म इसलिए भी चर्चा का विषय बना हुआ है क्योंकि इसे बनाने वाले रजनीश बाबा मेहता सूर्यगढ़ा के ही रहनेवाले हैं। मंगलवार को मुंबई में इसका ट्रेलर रिलीज किया गया। रजनीश इसे गोवा फिल्म फेस्टिवल समेत अन्य फिल्मोत्सवों में भेजनेवाले हैं, जिसके बाद दर्शकों के लिए फिल्म रिलीज की जाएगी।
बॉलीवुड में सक्रिय सूर्यगढ़ा के लाल रजनीश के इस फिल्म की सफलता के लिए जिलेवासियों ने शुभकामनाएं दी है। रजनीश के पिता राजेन्द्र प्रसाद मेहता जेई से रिटायर्ड हैं, जबकि माता रंजू देवी शिक्षिका पद से रिटायर हुई हैं। भाइयों में रविराज, राजीव और बहन रीता के अलावे गांव के लोगों व रिश्तेदारों में खुशी की लहर है।

पत्रकारिता छोड़ मुंबई की राह पकड़ी
रजनीश ने मोबाइल पर हिन्दुस्तान से बातचीत में बताया कि यह लघु फिल्म 47 मिनट की है। कहा कि इतिहास को भूला नहीं जा सकता है, उसकी घटनाएं वर्तमान में स्मरण दिलाती रहती हैं। फिल्म में घटना के बाद की स्थिति को जीवंत रूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली से मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई कर एक चैनल में अपनी पत्रकारिता की कैरियर की शुरूआत की। मगर मन की उड़ान का क्या कहना!
1983 में पैदा हुए रजनीश ने अचानक मुंबई के लिए गाड़ी पकड़ ली। परिवार में पिताजी नाराज हुए। 2013 से टीवी में सावधान इंडिया और क्रांतिकारी चंद्रशेखर धारावाहिक के निर्माण में भूमिका निभाई। सुशांत तलवार, जरीना बहाब, रवि किशन, दिव्या दत्ता आदि के साथ काम किया। मुंबई में शिवानी, गांधी और गोली के अलावे खामोशी जैसी लघु फिल्म बनाकर वाहवाही लूटी। अपनी फिल्म के लिए वह खुद स्टोरी लिखते हैं। 2014 में उन्हें गांधी और गोली फिल्म के लिए पुरस्कृत भी किया गया था।


