बेखौफ बदमाशों ने पेट्रोल लेने के बहाने दुकानदार को दुकान से खींचकर बम मारकर हत्या कर दी। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग भी की।
Total Downloads: 174
वारदात को बांका के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के इनारावरण गांव में गुरुवार की देरशाम अंजाम दिया गया। ग्रामीणों ने बताया सोनू इनारावरण गांव स्थित अपने घर में ही हार्डवेयर की दुकान चलाता था। मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार की शाम करीब साढ़े छह बजे दो बाइक पर सवार पांच बदमाश आये और बाइक में पेट्रोल लेने के बहाने उसे दुकान से खींच कर सड़क पर ले आये।

इसके बाद बदमाशों ने उसे पीठ में बम मारकर जख्मी कर दिया। बम की आवाज सुनकर आसपास के लोग भयभीत हो गए। इस बीच सभी बदमाश हवा में फायरिंग करते हुए भाग निकले। पिता सुधीर वर्णवाल एवं परिजन घायल सोनू को सदर अस्पताल बांका ले गये जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वारदात की पूरी जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल बदमाशों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर सोनू की मौत के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।

