खगड़िया। शहर के बहुचर्चित उपासना ड्रेसेज में तीसरे दिन गुरुवार को भी आयकर विभाग का सर्वे जारी रहा। देखते ही देखते करोड़ों से खेलने वाले शहर के बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान में शुमार उपासना ड्रेसेज के संचालक की तिजोरी से बड़े राज का खुलासा हो सकता है। तीसरे तीन भी उक्त प्रतिष्ठान में आयकर विभाग की टीम की दबिश बनी रही। टीम द्वारा तीसरे दिन स्टाक का मिलान किया जा रहा था। इस दौरान आसपास पुलिस की सक्रियता बढ़ी हुई थी। चर्चा लगातार हो रही है कि कई बड़े व्यवसायी आयकर विभाग के टारगेट पर है। जानकारी अनुसार आयकर विभाग बेगूसराय, पटना व पूर्णिया की टीम द्वारा उक्त प्रतिष्ठान का सर्वे किया जा रहा है।
आशंका है कि टीम को प्रतिष्ठान के बड़े राज का पता चला है। मगर टीम में शामिल अधिकारी अभी कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं। टीम के एक अधिकारी का कहना हुआ कि जब तक प्रक्रिया पूरी नहीं कर ली जाती है, कुछ भी बताना मुनासिब नहीं होगा। इधर, सूत्रों का कहना है कि आयकर टीम द्वारा तिजोरी खोलने को लेकर ड्रील मशीन का भी सहारा लिया गया।

गैस कटर मशीन भी खोजा गया। गोदरेज कंपनी की दुकान से तिजौरी का दूसरा चाभी भी मंगाने का प्रयास किया गया, मगर टीम को सफलता नहीं मिली। सूत्र का कहना है कि टीम द्वारा उक्त प्रतिष्ठान के वकील को भी खोजा गया। प्रतिष्ठान के अंदर से आ रही खबरों के अनुसार बिहार से बाहर गए प्रतिष्ठान के संचालक को पल-पल की सूचना है। बताया जा रहा है कि तिजौरी की चाभी संचालक के संज्ञान में ही है।

टीम के एक अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर इतना बताया कि तिजौरी को सील कर दिया जाएगा। दुकान संचालक को समय दिया जाएगा कि खगड़िया आने पर वे टीम को सूचित करे और टीम की उपस्थिति में तिजौरी खोली जाएगी। बहरहाल, तीन दिनों से आयकर टीम की सक्रियता से आसपास के व्यवसायियों के बीच भी हड़कंप मचा हुआ है।


