छिनतई की घटना रोकने में नाकाम भागलपुर पुलिस अब वारदातों को दबाने लगी है। गुरुवार दोपहर ढाई बजे बरारी थाने के बाहर सड़क पर मीरा देवी नाम की महिला से 50 हजार की छिनतई मामले में पुलिस ने केस दर्ज न कर गुमशुदगी का सनहा दर्ज कर लिया। सनहा में रुपए की बात को हटाकर पासबुक, चेक बुक व अन्य जरूरी कागजात के खोने की बात महिला से लिखवा दिया। पुलिस ने मीरा देवी को यह कह कर हड़काया कि अगर केस करोगी तो अपराधी खाते में जमा पैसे भी निकाल लेगा। नयी पासबुक, चेकबुक, पैन कार्ड व आधार कार्ड भी नहीं बनेंगे।
Total Downloads: 79
भय से पुलिस ने जैसा कहा महिला ने वैसा ही आवेदन में लिख दिया। शनिवार को मामला डीआईजी विकास वैभव के संज्ञान में आया तो बरारी पुलिस के हाथ- पैर फूलने लगे। डीआईजी ने एसएसपी आशीष भारती को फोन कर मामले की जांच का निर्देश दिया। एसएसपी के आदेश पर शाम में सिटी डीएसपी बरारी थाना पहुंचे और छिनतई मामले की जांच की। महिला को भी थाना बुलाया। जांच में मामला सही पाए जाने पर दोबारा महिला से आवेदन लिया गया और दो अज्ञात के खिलाफ छिनतई का केस दर्जकिया गया।

हाल में छिनतई की प्रमुख घटनाएं
25 जुलाई : टीएनबी कॉलेजिएट के पास असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. स्वाति यादव से चेन
26 जुलाई : विवि स्वास्थ्य केंद्र के पास पीजी की छात्रा खुशबू कुमारी से मोबाइल
26 जुलाई : विवि थाना मोड़ के पास पीजी की छात्रा अंशु कुमारी से मोबाइल
31 जुलाई : मारवाड़ी कॉलेज के पास शिक्षिका सरिता कुमारी से चेन
04 अगस्त : उल्टा पुल के पास बस स्टैंड चौक से मीरा झा से चेन
10 अगस्त : मोहद्दीनगर में सुचिता देवी के हाथ से पर्स
31 अगस्त : चुनिहारी टोला में हंसा छापोलिका से हीरा जड़ित सोने की चेन
31 अगस्त : मेडिकल कॉलेज के पास एडीजे-7 की पत्नी से चेन
03 सितंबर : जोगसर रोड, प्रतिमा श्रृंगार के पास राज लक्ष्मी से सोने की चेन
दोषियों पर होगी कार्रवाई
^अगर केस नहीं हुआ है तो मामला गंभीर है। सिटी डीएसपी को जांच करने को कहा है। घटना के सही पाए जाने पर बरारी थाने में केस दर्ज होगा और सनहा दर्ज करने वाले पुलिसवाले को चिह्नित कर कार्रवाई करेंगे।
– आशीष भारती, एसएसपी
छिनतई की जानकारी देकर रोने लगी मीरा देवी। मीरा देवी ने बताया कि उसकी 21 साल की बेटी है। पति की मौत के बाद वह मायागंज अस्पताल के सामने सत्तू बेच कर बेटी की शादी के लिए 50 हजार रुपए जमा किये थे। दुर्गा पूजा के बाद शादी होने वाली है। इस कारण 50 हजार रुपए बेटी की शादी के गहने बनवाने के लिए निकाले थे। अब बेटी की शादी कैसे करूंगी? महिला के मुताबिक, वारदात में शामिल दोनों बदमाशों ने अपना चेहरा ढंक लिया था। बाइक ड्राइव करने वाला बदमाश ने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। उसने ब्लूशर्ट और काली पैंट पहनी थी। जबकि पीछे बैठा बदमाश हेलमेट पहने हुए था।

अभिरामा विवाह भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों बदमाशों की गतिविधि कैद हुई है, लेकिन चेहरा स्पष्ट नहीं है। मीरा देवी (पति स्व. विद्यानंद चौधरी) मूल रूप से पूर्णिया के गुलाबबाग सरदारपुर की रहने वाली है। बरारी के मायागंज मुसहरी में अपने भाई के यहां रहती है और मायागंज अस्पताल के सामने सत्तू बेचती है। महिला ने बताया कि गुरुवार को वह घंटाघर चौक स्थित इलाहाबाद बैंक से 50 हजार रुपए निकाल कर घर आ रही थी। डीएम ऑफिस तक ई-रिक्शा से आई और वहां से मुसहरी आने के लिए टेम्पो लिया। टेम्पो वाला बरारी थाना होकर ले जा रहा था, क्योंकि थाना के पास एक पैसेंजर को उतरना था।

जैसे ही टेम्पो बरारी थाना के बाहर रुका, पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने महिला के हाथ से रुपए से भरा पॉलिथीन छीन लिया और बाइक को वहां से घूमा कर उस दिशा में भागे, जिधर से आए थे। महिला ने हो-हल्ला किया तो बरारी थाने का एक पुलिसकर्मी भी बदमाश के पीछे दौड़ा। बाद में महिला बरारी थाना पहुंची तो वहां मौजूद पुलिसवालों ने कहा कि हमलोग कुछ नहीं कर सकते हैं। गाड़ी का नंबर पता है? बदमाशों को पहचानती हो? केस किस पर करोगी? पुलिस ने साफ तौर पर कह दिया कि हमलोग कोई मदद नहीं कर सकते हैं। महिला गिड़गिड़ाई तो पुलिसवालों ने पासबुक, चेकबुक, पेन कार्ड और आधार कार्ड के खोने का सनहा दर्ज कर दिया। 50 हजार की छिनतई का उल्लेख नहीं किया।

