बोधगया से पटना होते हुए काठमांडु के लिए और पटना से वाया सीतामढ़ी जनकपुर के लिए बस सेवा का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखा कर मुख्यमंत्री सचिवालय के समीप से चार बसों को रवाना किया। मुख्यमंत्री ने काठमांडु की बस में सवार होकर यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा भी लिया।

भारत सरकार और नेपाल सरकार की सहमति मिलने के बाद बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा इसकी शुरुआत की गई है। उक्त मार्गों पर चलने वाली बसें वातानुकूलित हैं। ये बसें वाई-फाई और जीपीएस सिस्टम से भी लैस हैं। यात्रियों को ऑनलाइन टिकट बुकिंग की भी सुविधा मिलेगी।

बोधगया से काठमांडू का किराया 1250

बोधगया से काठमांडु का किराया 1250 रखा गया है। वहीं पटना से काठमांडु का किराया 1015 और पटना से जनकपुर का किराया 275 रुपये है। बोधगया से काठमांडु के लिए चार और पटना से जनकपुर के लिए तीन बसों का संचालन होगा। नेपाल की ओर से कुल आठ बसों का परिचालन होगा। ये बसें बोधगया, पटना, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, रक्सौल, हिथौड़ा, मुगंलिग होते हुए काठमांडु जाएंगी। इसी प्रकार पटना से वाया मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और भिट्ठामोड़ होते हुए बसें जनकपुर जाएंगी। बोधगया से बस सुबह दस बजे खुलेगी और काठमांडु से शाम आठ बजे खुलेगी। पटना से जनकपुर के लिए बसें सुबह चार बजे, अपराह्न 3.15 बजे और रात्रि 9.05 बजे खुलेंगी। जनकपुर से पटना के लिए सुबह 7.05 बजे, नौ बजे और रात आठ बजे बसें खुलेंगी।

गौरतलब हो कि बस सेवा शुरू होने से दोनों देशों के बीच पर्यटन और व्यवसाय में वृद्धि होगी। उक्त मार्गों पर पहली बार यह सीधे सेवा प्रदान की जा रही है। बस की रवानगी के समय परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला, मुख्य सचिव दीपक कुमार, परिवाहन विभाग के सचिव संजय अग्रवाल भी उपस्थित थे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *