पटना: बिहार सरकार ने दिवाली और छठ से पहले सभी शिक्षकों को वेतन जारी करने का आदेश दिया है. नया आदेश उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के लिए है जिन्हें पिछले करीब 8 महीने से वेतन नहीं मिला है, उन्हें 2 महीने का वेतन दिया दिवाली और छठ से पहले दिया जाएगा.
दरअसल, बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ में शिक्षा विभाग से उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन जारी करने अनुरोध किया था. बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रवक्ता अभिषेक कुमार ने बताया कि शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ने राज्य शिक्षा परियोजना निदेशक को निर्देश दिया है कि बचत राशि में से फिलहाल 2 महीने की सैलरी उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को दिवाली-छठ से पहले दे दिया जाए.

शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को भी निर्देश जारी किया है कि किसी भी हालत में दिवाली छठ से पहले इन शिक्षकों का वेतन भुगतान हो जाना चाहिए. हालांकि इस आदेश के आने के बाद उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने राहत की सांस ली है.


