भागलपुर : रोज रोज लग रहे महाजाम के कारण शहर में 8 दिसंबर से बीएसएससी परीक्षा देने के लिए आने वाले 75 हजार छात्रों को परेशानी हो सकती है. बिहार कर्मचारी चयन आयोग बीएसएससी की प्रथम इंटरस्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 8, 9 व 10 दिसंबर को शहर में रोजाना दो पालियों में आयोजित होगी.

महाजाम की आशंका से परीक्षार्थियों में इस बात का भय है कि कहीं तय समय पर वह परीक्षा केंद्र तक न पहुंच पाये. सड़क पर दोपहर बाद तक ट्रकों की लंबी कतार से आॅटो, रिक्शे व ई रिक्शा का चलना दूभर हो रहा है. ऐसे में रेलवे स्टेशन, जीरोमाइल, डिक्शन मोड व तिलकामांझी बस स्टैंड से छात्र शहर के बनाये गये 30 परीक्षा केंद्रों पर कैसे पहुंचेंगे.

शहर में भागलपुर जिला समेत बांका, मुंगेर, जमुई, खगड़िया, कोसी व सीमांचल के छात्र आयेंगे. विक्रमशिला सेतु पर लग रहे जाम के कारण कोसी व सीमांचल के हजारों छात्रों को परीक्षा केंद्र पर पहुंचने में काफी कठिनाई होगी.

परीक्षा केंद्र तक पैदल पहुंचेंगे परीक्षार्थी: बीएसएससी परीक्षा में शामिल होने वाले पूर्णिया निवासी छात्र मोहित यादव ने बताया कि उनका परीक्षा केंद्र सुखराज राय हाई स्कूल नाथनगर में है. वह जाम में फंसने के डर से शुक्रवार शाम छह बजे ही भागलपुर के लिए निकल गया.

रेलवे स्टेशन पर गुजारी रात, होटल-लॉज फुल: रेलवे स्टेशन पर रात में परीक्षा देने वाले छात्रों की भीड़ देखी गयी. छात्रों ने बताया कि शहर के सभी होटल, लॉज व धर्मशालाएं में सीट नहीं मिला. छात्राओं को इस बाबत खूब परेशानी हुई. अपने अपने अभिभावकों के साथ कई छात्राएं परीक्षा देने शुक्रवार देर शाम भागलपुर पहुंची.

रात में पटना इंटरसिटी से भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में उतरे जमुई के रासबिहारी राय ने बताया कि उनकी दो बेटियां परीक्षा देंगी. लेकिन इस बात को लेकर परेशान हैं कि कहीं ठहरने को जगह नहीं मिल रही

पेन व जूते पर पाबंदी
तीन किताब साथ ले जा सकते

भागलपुर : बिहार कर्मचारी चयन आयोग बीएसएससी की प्रथम इंटरस्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए शहर में 30 केंद्र बनाये गये हैं. परीक्षा का आयोजन शनिवार से शुरू होगा. परीक्षा 8 से शुरू होकर 10 दिसंबर तक चलेगी. रोजाना दो पालियों में परीक्षा होगी. पहली पाली 9.30 बजे से 11.45 बजे तक व दूसरी पाली 2.00 बजे से 4.15 बजे तक चलेगा.

एक पाली में 12500 परीक्षार्थी शामिल होंगे. वहीं तीन दिन में छह पालियों में 75 हजार परीक्षार्थी शहर में परीक्षा देने के लिए जुटेंगे. परीक्षा में पेन व जूता मोजा समेत कई सामान ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है. पानी, गुटखा-खैनी, आभूषण-ताबीज, मोबाइल, कैलकुलेटर, घड़ी, बैग, स्केल व चार्ट समेत अन्य सामान परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं ले जा सकते.

अभ्यर्थी अपने साथ तीन पुस्तक ले जा सकते हैं. सामान्य विज्ञान, गणित व सामान्य ज्ञान खंड की एक-एक पुस्तक ले जाने की छूट होगी. किसी भी विषय से संबंधित गाइड, पुस्तक की फोटो कॉपी, हस्तलिखित कागज, नोट्स आदि परीक्षा भवन में नहीं ले जा सकते हैं. अभ्यर्थी अपने पुस्तक पर अपना नाम व रोेल नंबर लिखें. नाम व रोल नंबर के अलावा पुस्तक पर अगर कुछ लिखा मिला तो परीक्षा नहीं देने दिया जायेगा.

30 केंद्रों पर होगी परीक्षा
बालिका उच्च विद्यालय सबौर, उच्च विद्यालय सबौर, उच्च विद्यालय बरारी, डीएवी पब्लिक स्कूल बरारी, टीएनबी लाॅ काॅलेज, स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, सीएमएस हाइस्कूल, श्याम सुंदर विद्या निकेतन, दुर्गा चरण हाइस्कूल, मोक्षदा बालिका इंटर स्कूल, क्राइस्ट चर्च बालिका उच्च विद्यालय, जिला स्कूल, राजकीय बालिका इंटर विद्यालय, इंटरस्तरीय मारवाड़ी पाठशाला, टीएनबी कॉलेजिएट स्कूल, झुनझुनवाला आदर्श बालिका उच्च विद्यालय, शारदा झुनझुनवाला कॉलेज, महादेव सिंह कॉलेज, इंटर लेवल उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल, गुरुकुल इंटर स्कूल, मुस्लिम माइनेरिटी डिग्री कॉलेज, इंटर मुस्लिम कॉलेज, इंटर लेवल मुस्लिम हाई स्कूल तातारपुरर, पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज, गणपतराय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, मिरजानहाट उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय, सुखराजराय उच्च विद्यालय, बालिका उच्च विद्यालय नाथनगर, दि रेनबो इंटरनेशनल स्कूल दाउदवाट

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *