नवगछिया। भवानीपुर थाना क्षेत्र में 13 अगस्त को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 19 वर्षीय युवक दर्शन कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के करीब 13 दिन बाद मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, दर्शन कुमार दूध देकर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग NH-31 पर चकरामी गांव के समीप मां वैष्णो एचपी पेट्रोल पंप के सामने सुबह करीब 6:45 बजे हादसा हो गया।

बताया गया कि खगड़िया से बीरबन्ना की ओर जा रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो रॉन्ग साइड से आ गई और दर्शन कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

इलाज के दौरान 13 दिन बाद मौत

हादसे के बाद स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार कराने के बाद दर्शन कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (JLNMCH), भागलपुर रेफर किया गया था। परिजन लगातार उसका इलाज करा रहे थे, लेकिन मंगलवार को उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत के बाद बुधवार को भवानीपुर थाना पुलिस ने अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया में शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बलहा गंगा घाट पर अंतिम संस्कार

मृतक की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के चकरामी गांव निवासी दिनेश साह के पुत्र दर्शन कुमार के रूप में हुई है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार बलहा गंगा घाट पर किया गया। मृतक के बड़े भाई चंदन कुमार ने मुखाग्नि दी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *